अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dumka : दुमका के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के चंदनगढ़िया गांव में शनिवार देर शाम घरेलू विवाद के बाद एक महिला को पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसी 25 वर्षीय शनिचरिया देवी की पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला के भाई किशन राय ने उसके पति अर्जुन राय को मौत के लिए जिम्मेदार बताते हुए शिकारीपाड़ा थाने में शिकायत की है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
मायके पहुंचा था पति, शाम को दोनों में फिर हुआ विवाद
शनिचरिया देवी की शादी करीब दो साल पहले शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के गन्दरकपुर गांव निवासी अर्जुन राय से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, शादी के करीब एक साल बाद से ही पति-पत्नी के बीच घरेलू बातों को लेकर अक्सर विवाद होने लगा था। पति के व्यवहार से परेशान होकर शनिचरिया कुछ दिन पहले अपने मायके चंदनगढ़िया आ गई थी। शनिवार सुबह अर्जुन राय भी अपनी पत्नी के मायके पहुंच गया। दोपहर के समय शनिचरिया के पिता और भाई किशन राय किसी रिश्तेदार के घर चले गए। उस वक्त घर में शनिचरिया और उसका पति अर्जुन ही थे। इसी दौरान देर शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर फिर विवाद हो गया।

चीख सुनकर पड़ोसियों ने दी पिता और भाई को सूचना
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद अर्जुन ने घर में रखे पेट्रोल को पत्नी के शरीर पर छिड़क दिया और आग लगा दी। आग लगते ही शनिचरिया चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने उसके पिता और भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी और बताया कि शनिचरिया के शरीर से लपटें निकल रही हैं। सूचना मिलने के बाद पिता और भाई घर पहुंचे। महिला उस समय गंभीर रूप से झुलसी हुई थी। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट सदर अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन करीब दो घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई।
भाई ने पति पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस कर रही तलाश
बहन की मौत के बाद किशन राय शिकारीपाड़ा थाना पहुंचा और पति अर्जुन राय को घटना के लिए जिम्मेदार बताते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने भाई के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शिकारीपाड़ा थानेदार अमित कुमार लकड़ा ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद होता रहता था। इसी विवाद के दौरान घटना होने की बात सामने आई है। भाई के बयान पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
इसे भी पढ़ें : धनबाद में मौत का मलबा! कोयला चुनते वक्त धंसी मिट्टी, 3 की गयी जान

