अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना के मरीन ड्राइव पर रविवार भोरे-भोरउस समय अफरा तफरी मच गई जब पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच आमना सामना हो गया। दोनों तरफ से फायरिंग हुई और आखिरकार पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में गोली लग गई। घायल हालत में उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। घायल अपराधी की पहचान वैशाली के रहने वाले अमित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक अमित का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई गंभीर मामलों में वांछित था।
मौके पर भारी पुलिस बल
घटना की सूचना मिलते ही टाउन डीएसपी, DIU और STF की टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके को तुरंत बैरिकेड कर दिया गया। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है ताकि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सकें। मौके से एक पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि पूरी घटना की कड़ी साफ हो सके।
पीएमसीएच में चल रहा इलाज
गोली लगने के बाद अमित को इलाज के लिए तुरंत पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अस्पताल में भी सुरक्षा तैनात किए हुए है ताकि वह दोबारा भागने की कोशिश न कर सके।
शार्प शूटर है अमित
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अमित कोई छोटा मोटा अपराधी नहीं है। वह शार्प शूटर के तौर पर जाना जाता है। 27 जनवरी 2025 को पटना सिविल कोर्ट में पेशी के लिए आए सुबोध सिंह गैंग के रोशन ततीया की हत्या की साजिश में उसका नाम सामने आया था। बताया जाता है कि वह सुपारी लेकर हत्या करने पहुंचा था। उस दिन पुलिस को पहले ही इनपुट मिल गया था। गेट पर चेकिंग के दौरान पीयूष नाम का अपराधी पकड़ा गया, लेकिन अमित मौके से फरार हो गया था।
कोर्ट की सुरक्षा में सेंध की कोशिश
27 जनवरी 2026 की सुबह दो हथियारबंद अपराधियों ने सिविल कोर्ट में घुसने की कोशिश की थी। पीयूष को गेट पर ही पकड़ लिया गया, लेकिन दूसरा आरोपी अंदर तक घुस गया था। हालांकि पुलिस ने तुरंत सुरक्षा बढ़ा दी और उसकी योजना फेल हो गई। पूछताछ में पीयूष ने बताया था कि वैशाली का अमित ही उसे बाइक से कोर्ट लेकर आया था। इसके बाद से पुलिस अमित की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह हर बार बच निकलता था।
मरीन ड्राइव पर कैसे हुआ एनकाउंटर
पुलिस को आज तड़के सूचना मिली कि अमित मरीन ड्राइव के रास्ते भागने की फिराक में है। जैसे ही पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान उसके पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। इसके बाद उसे काबू में कर लिया गया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि उसने किस गैंग से सुपारी ली थी और उसके पीछे कौन लोग हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : सारंडा में IED ब्लास्ट के बाद एनका’उंटर, हवलदार को लगी गोली



