अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची जिले में नगर निगम चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग, झारखण्ड की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक रांची जिला अंतर्गत नगर निगम चुनाव के लिए 23 फरवरी 2026 को मतदान कराया जाएगा। प्रशासन ने अभी से पूरी ताकत झोंक दी है ताकि वोटिंग का दिन बिना किसी गड़बड़ी के संपन्न हो सके।
वोट देने से पहले पहचान जरूरी
आयोग ने साफ कर दिया है कि इस बार पहचान को लेकर कोई ढिलाई नहीं होगी। हर मतदाता को बूथ पर अपनी पहचान साबित करनी होगी। अगर कोई बिना वैध पहचान पत्र के पहुंचता है तो उसे वोट डालने में दिक्कत हो सकती है। इसलिए बेहतर है कि मतदान से पहले ही अपना जरूरी दस्तावेज संभाल कर रख लें।
ये 12 दस्तावेज होंगे मान्य
मतदान के दौरान पहचान सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने 12 तरह के दस्तावेज मान्य किए हैं। इनमें सबसे पहले भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता पहचान पत्र यानी EPIC शामिल है। इसके अलावा आप ये दस्तावेज भी दिखाकर वोट डाल सकते हैं:
- निर्वाचन तंत्र द्वारा जारी फोटोयुक्त मतदाता पर्ची
- पासपोर्ट
- ड्राइविंग लाइसेंस
- राज्य या केंद्र सरकार, सार्वजनिक उपक्रम, स्थानीय निकाय या पब्लिक लिमिटेड कंपनी का फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र
- बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक
- पैन कार्ड
- आधार कार्ड
- राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर से जुड़ा पहचान दस्तावेज
- मनरेगा का फोटोयुक्त जॉब कार्ड
- स्वास्थ्य बीमा योजना का स्मार्ट कार्ड
- फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज
इनमें से कोई एक दस्तावेज साथ रखना जरूरी होगा। तभी आप अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर पाएंगे।
जिनके पास EPIC नहीं, वे क्या करें?
कई लोगों के पास अभी भी मतदाता पहचान पत्र नहीं है। ऐसे मतदाता घबराएं नहीं। ऊपर बताए गए वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक अपने साथ जरूर लेकर आएं। प्रशासन की साफ हिदायत है कि बिना पहचान के वोटिंग नहीं होगी।
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
रांची नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में है। संवेदनशील बूथों की पहचान की जा रही है। सुरक्षा बलों की तैनाती की तैयारी चल रही है ताकि कहीं भी गड़बड़ी की स्थिति न बने। अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि मतदान के दिन समय से पहले बूथ पर पहुंचें, जरूरी कागजात साथ रखें और लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
इसे भी पढ़ें : राजधानी में खटाल की आड़ में ‘गंदा धंधा’, दो धराये



