अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh ( Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले के मांडू प्रखंड में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत आरा सारूबेड़ा स्थित डीएवी स्कूल के पास हाईवा डंपर और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि डंपर चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घायल युवक की पहचान, हालत नाजुक
हादसे में घायल युवक की पहचान छत्तीस बास्के (पिता – रामकुमार मांझी), निवासी ग्राम डुमरबेड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के बसंतपुर क्षेत्र में कार्यरत है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहन विपरीत दिशा से आ रहे थे, तभी अचानक आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक के सिर में गंभीर चोट आई और वह सड़क पर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को उठाकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर बताते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल, घाटो रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
डंपर छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद डंपर चालक मौके पर ही वाहन खड़ा कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवा डंपर को जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस सड़क पर रोज बना रहता है खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरा कांटा से चार नंबर तक सड़क के दोनों ओर घनी आबादी और बाजार है। शाम के समय यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इसी रास्ते से भारी संख्या में कोयला लदे हाईवा और डंपर गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा हर वक्त बना रहता है।
लोगों की मांग : ट्रैफिक व्यवस्था हो मजबूत
इलाके के लोगों ने सीसीएल प्रबंधन, जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि
- भारी वाहनों की रफ्तार पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए
- ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती हो
- सड़क पर संकेतक और स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं
ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर लगाम लग सके और लोगों की जान सुरक्षित रह सके।
इसे भी पढ़ें : हिमाचल की एक ‘ट्रिप’ से शुरू हुआ रांची में LSD का गंदा खेल, नीदरलैंड से आया धीमा जहर

