अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के कागजी मोहल्ला स्थित वर्धमान ज्वैलर्स में बुधवार को दिनदहाड़े छह हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों रुपए के गहने लूट लिए। इस दौरान बदमाशों ने दुकान मालिक पंकज जैन के सिर पर पिस्टल के बट से वार कर उन्हें घायल कर दिया। फिलहाल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुई वारदात
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में घुसे थे। पहले उन्होंने पांच गोल्ड चेन दिखाने को कहा और दुकान से निकल गए। करीब डेढ़ घंटे बाद सभी फिर से लौटे और अचानक हथियार निकालकर लूटपाट शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने हवाई फायरिंग कर कोहराम मचा दिया। फायरिंग होते ही मौके पर खलबली मच गई। बदमाशों ने काउंटर में रखे गहनों को लूटने की कोशिश की लेकिन मालिक पंकज जैन ने विरोध किया। इसी दौरान उन्हें पिस्टल की बट से सिर पर वार कर घायल कर दिया गया। दुकान में उस वक्त कई ग्राहक भी मौजूद थे, जो डर के मारे इधर-उधर छिप गए।
CCTV में कैद हुई वारदात
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि सभी बदमाश पिस्टल से लैस थे और चेहरा ढका हुआ नहीं था। पुलिस ने मौके से एक खोखा और हथियार का चकरी बरामद किया है।
छापामारी कर रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, डीएसपी और सोनारी थानेदार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि बदमाश पांच सोने की चेन लूटकर फरार हुए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कुल कितनी संपत्ति की लूट हुई है। पुलिस आसपास के CCTV खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
सिटी एसपी क्या बोले…
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि बदमाश पहले दुकान में आए और पांच गोल्ड चेन सेलेक्ट कर चले गए। करीब डेढ़ घंटे बाद वापस आकर लूटपाट की। उन्होंने हवाई फायरिंग भी की। घटना में दुकान मालिक घायल हुए हैं। पुलिस ने कुछ साक्ष्य बरामद किए हैं और जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें : चार सितंबर को बिहार बंद का ऐलान… जानें क्यों



