अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bhagalpur : भागलपुर में आयोजित वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) का वेब मीडिया समागम–2025 और सातवां स्थापना दिवस समारोह ऐतिहासिक बन गया। इस मौके पर संगठन को और मजबूत बनाने के लिए कई अहम फैसले लिए गए, जिनका असर आने वाले समय में देशभर के वेब पत्रकारों पर दिखेगा।
संगठन को मजबूती देने के लिए बने पांच विभाग
कार्यक्रम के दौरान WJAI में पांच नए विभागों का गठन किया गया। इनमें कार्यालय, संगठन, मॉनिटरिंग, कौशल विकास और वित्त विभाग शामिल हैं। इन विभागों के गठन का उद्देश्य संगठनात्मक कामकाज को पारदर्शी बनाना और वेब पत्रकारों से जुड़े मुद्दों पर तेजी से काम करना है।

नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चुनाव
चुनाव प्रभारी वरिष्ठ पत्रकार और फोटोग्राफर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी का चुनाव हुआ। आनंद कौशल को लगातार चौथी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। डॉ. अमित रंजन लगातार चौथी बार महासचिव बने। मधुप मणि पिक्कू को महासचिव (संगठन) और मंजेश कुमार को दूसरी बार कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा अमिताभ ओझा और डॉ. लीना को उपाध्यक्ष, मिथिलेश मिश्रा और विवेक कुमार को सचिव, रविशंकर शर्मा और अनामिका मंडल को संयुक्त सचिव तथा राम बालक राय को कार्यालय सचिव बनाया गया।
वेब पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान
समारोह के दौरान वेब पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पत्रकारों को WJAI एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में मंजेश कुमार, विवेक कुमार, शैलेन्द्र झा, संतोष झा, विजय सिन्हा, कुमार आदित्य, श्यामनंदन सिंह, डॉ. चन्द्रचूड गोस्वामी, मनोज कुमार और सुमित शर्मा शामिल रहे। सम्मान समारोह के दौरान पूरे सभागार में तालियों की गूंज रही और सभी चयनित पत्रकारों के कार्यों की सराहना की गई।
नई उम्मीदों के साथ आगे बढ़ता WJAI
संगठन सत्र में मौजूद सदस्यों ने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी और विभागीय ढांचा वेब पत्रकारिता को नई दिशा देगा। इससे न केवल पत्रकारों की आवाज मजबूत होगी बल्कि डिजिटल पत्रकारिता को भी एक सशक्त मंच मिलेगा।
इसे भी पढ़ें : तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर राष्ट्रपति, रांची में गवर्नर और सीएम ने किया स्वागत



