अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : मंगलवार की सुबह टाटा यानी जमशेदपुर के बड़सोल थाना क्षेत्र की सड़कें शांत थीं, लेकिन इस शांति के पीछे चल रही थी नशे के गंदे धंधे की खतरनाक साजिश। अचानक मिली एक गुप्त सूचना ने पुलिस को एक्शन मोड में डाल दिया। सूचना थी कि कुछ लोग बाइक से ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहे हैं। ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने गाड़ियों की चेकिंग शुरू की। दो बाइक पर सवार चार संदेही पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन ग्रामीण इलाकों की तंग गलियों और पुलिस की तत्परता ने उन्हें पकड़ने में मदद की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बड़सोल निवासी ड्रग पेडलर्स चंदन खटुआ और राकेश कुमार, और खरीदार राजा रजक और अंशु मिश्रा शामिल थे।
ब्राउन शुगर और कैश बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को 106 पुड़िया ब्राउन शुगर, 1550 रुपये नकद, और अन्य आपत्तिजनक सामान मिला। एसपी गर्ग ने बताया कि इस ब्राउन शुगर की बाजार कीमत लगभग 30 हजार रुपये है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि ग्रामीण इलाकों में नशे की तस्करी कितनी संगठित रूप से हो रही थी।
पश्चिम बंगाल से तस्करी
पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये तस्कर पश्चिम बंगाल के खगड़पुर से ब्राउन शुगर खरीदकर ला रहे थे और इसे टाटा के ग्रामीण इलाकों में बेचने की योजना बना रहे थे। एसपी ने कहा, “हम अब पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ मिलकर इस गिरोह के सरगनाओं तक पहुंचने का प्रयास करेंगे।”
इसे भी पढ़ें : धुआं-धुआं हो गया जमशेदपुर का यह इलाका… जानें कैसे

