अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची से सटे खलारी थाना क्षेत्र में हुए पुलिस टीम पर फायरिंग मामले में पुलिस ने एक संदेही गुनहगार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शख्स का नाम राहुल दास बताया गया। करीब 29 साल का राहुल दास चतरा के हंटरगंज का रहने वाला है। वह एक अंतर्राज्यीय आपराधिक गिराह का सदस्य है और अपने कुछ साथियों के साथ खलारी में लूटपाट करने आया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हथियार, जिंदा गोलियां, कार और एक बाइक जब्त की है। इस बता का खुलासा रांची के रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने किया है।
SP प्रवीण पुष्कर ने मीडिया को बताया कि बीते 21 सितंबर की रात करीब 12 बजे सुरक्षा बलों पर फायरिंग की गयी थी। इस वारदार ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। पुरनी राय स्थित बम्बई होटल के पास बिना नम्बर की सफेद अपाची बाइक और सफेद बलेनो कार में सवार चार-पांच अपराधियों ने गश्ती में तैनात जवानों पर गोलियां बरसायी थी। इस हमले में हवलदार रामशरेख शर्मा के पैर में गोली लगी थी और वे बेतरह जख्मी हो गये थे। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में SIT गठित की गयी। SIT को लीड करने का जिम्मा था खलारी के DSP रामनारायण चौधरी का। टीम ने कार्रवाई शुरू की। टेक्निकल सेल और आसपास के लोगों की मदद ली गयी। इसी दरम्यान राय-बुढ़मू रोड के पास पाही जंगल में संदेही गुनहगार राहुल दास को हथियार और जिंदा गोलियों के साथ दबोच लिया गया।
एक सप्ताह पहले जेल से निकला था बाहर
राहुल दास ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस को दिये अपने बयान में उसने खुलासा किया कि वह झारखंड के रांची, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, गिरिडीह जिलों और बिहार के गया जिले में कई लूट और डकैती के मामलों में शामिल रहा है। राहुल दास शेरघाटी जेल से महज एक सप्ताह पहले रिहा हुआ था। वह अपने कुछ साथियों के साथ खलारी में लूट की वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग कर रहा था। उसे जानकारी मिली थी कि खलारी में कुछ मालदार लोग हैं। हथियार के दम पर उन्हें लूटने की तैयारी कर रहे थे। तभी अचानक पुलिस की गश्ती दल वहां से गुजरी। गश्ती दल गाड़ी घुमाकर वापस उनलोगों के पास पहुंची और पूछताछ शुरू की। तभी अचानक वहां मौजूद चार में से दो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में हवलदार जख्मी हो गये। वहीं, हमलावर भाग निकले।
रात भर जंगल में छुपा रहा राहुल
SP प्रवीण पुष्कर ने बताया कि राहुल दास के रामगढ़ के रहने वाले तीन साथी मौके से भाग निकले पर वह खलारी के ही जंगल में फंस गया। रात बीतने के बाद सुबह भागने की कोशिश की, पर पुलिस की ताबड़तोड़ मूवमेंट के चलते वह निकल नहीं पाया। अंधेरा होने के बाद उसने फिर बलेनो कार से भागने की कोशिश की, पर कामयाब नहीं हो पाया। पुलिस ने उसे धर दबोचा। उसकी निशानदेही पर वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल सफेद मारुति सुजुकी बलेनो कार और बिना नम्बर की अपाची मोटरसाइकिल बरामद की। इसके अलावा, एक लोडेड देशी कट्टा, 4 जिंदा गोली और 7.62 एमएम की 10 जिंदा गोलियां भी जब्त की गईं। वहीं, घटना के समय पहना गया राहुल का जिंस और शर्ट भी पुलिस ने जब्त किया है। क्या बताय गये रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर… देखें
रांची के खलारी में पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाला राहुल दास गिरफ्तार, वारदात के बाद रात भर छुपा था जंगल में… कैसे धराया… बता गये रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर… दखें pic.twitter.com/I2jEGe4gKv
— News Samvad (@newssamvaad) September 23, 2025
सराहनीय रही इनकी भूमिका
पुलिस पर गोलियां बरसाने वाले राहुल दास को दबोचने में खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी, खलारी थानेदार इंस्पेक्टर जयदीप टोप्पो, बुढ़मू थानेदार रितेश कुमार महतो, एसआई मुकेश कुमार, रवि कुमार सोनी और कपिलदेव यादव की भूमिका सराहनीय रही।
इसे भी पढ़ें : गंदा धंधा करने वाले चार धराये, टाटा में खपा रहे थे खड़गपुर का माल

