अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित हाराटांड़ में एक ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। जिस घर में पिता-बेटे का रिश्ता था, वहीं खून से सना हुआ फर्श और बिखरी जिंदगी की कहानी दिखाई दी। करीब 32 साल के कमल साहू ने अपने ही पिता गोविंद साहू की बेरहमी से हत्या कर दी। इल्जाम है कि उसने कुदाल से ताबड़तोड़ वार कर अपने पिता को मौत को घाट उतार दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कमल साहू को जुए की बुरी लत थी। वह लंबे समय से जुआ खेल रहा था और इसमें काफी पैसे हार चुका था। कर्ज और हार के दबाव में वह बार-बार अपने पिता से पैसे मांग रहा था। बताया जा रहा है कि पिता गोविंद साहू ने उसे पैसे देने से साफ मना कर दिया। यही इनकार इस वारदात की सबसे बड़ी वजह बन गया।
पिता का इनकार, बेटे का गुस्सा
घर के अंदर बहस बढ़ती गई। पिता का सख्त रुख बेटे को नागवार गुजरा। गुस्से में आकर कमल ने पास में रखा कुदाल उठा लिया और अपने ही पिता पर हमला कर दिया। वार इतना तेज और लगातार था कि गोविंद साहू को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कुछ ही पलों में उन्होंने दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद सनसनी
घटना की खबर जैसे ही आसपास फैली, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। एयरपोर्ट थानेदार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे कमल साहू को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
इसे भी पढ़ें : हादसे की रात, अस्पताल की भागदौड़ और मुआवजे की उम्मीद, राह दिखा गए न्यायायुक्त



