अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Giridih : गिरिडीह शहर के मुफ्फसिल थाना इलाके के बंदरकुपी में गुरुवार देर रात खौफनाक वारदात सामने आई। दोस्तों के साथ मैगी खाने निकले 24 साल के ऋतिक यादव की 10 से 15 लड़कों ने मिलकर बेरहमी से पिटाई कर दी। अस्पताल ले जाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक राजेंद्र नगर का रहने वाला था और उसके पिता झारखंड पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं। ऋतिक का पिछले साल होमगार्ड में चयन हुआ था और वह जल्द ही ट्रेनिंग पर जाने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
कहासुनी के बाद जमा हुई भीड़, लाठी-डंडों से पीटा
ऋतिक गुरुवार रात करीब 11 बजे अपने दो दोस्तों के साथ बंदरकुपी इलाके में मैगी खाने गया हुआ था। वहां किसी बात को लेकर स्थानीय युवकों से उसकी बहस हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते वहां 10 से 15 लड़के इकट्ठा हो गए। आरोपियों ने ऋतिक और उसके दोस्तों को घेर लिया। इसके बाद उन लड़कों ने ऋतिक पर लाठी-डंडों और घूंसों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे तब तक पीटा जब तक वह बेसुध होकर जमीन पर नहीं गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, परिवार में मातम
हमले के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। गंभीर हालत में दोस्त ऋतिक को लेकर फौरन गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ऋतिक के पिता मुसाफिर सिंह वर्तमान में बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाने में एसआई के पद पर तैनात हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि ऋतिक का सरकारी सेवा में जाने का सपना था और होमगार्ड चयन के बाद वह अपनी नई जिंदगी शुरू करने वाला था, लेकिन इस घटना ने सब कुछ छीन लिया।
संदेह के आधार पर कई हिरासत में, इलाके में तनाव
वारदात की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने सदर अस्पताल पहुंचकर मामले की तफ्तीश की। पुलिस आसपास के लोगों और दुकानदारों से पूछताछ कर रही है ताकि विवाद की असली वजह साफ हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : गदर के ‘गुल खान’ ने दुनिया को कहा अलविदा, छोटे किरदारों में था जान फूंकने का हुनर



