अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव के निराला टोला में सिगरेट नहीं देने को लेकर एक किराना व जनरल स्टोर में आग लगा देने का मामला सामने आया है। आग लगने से दुकान में रखे सामान के साथ-साथ शादी के लिए खरीदे गए सामान भी जलकर राख हो गए। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित दुकानदार ने इस मामले में चार युवकों पर दुकान में आग लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित आवेदन दिया है।
देर रात सिगरेट मांगने पहुंचे युवक
मिली जानकारी के अनुसार सुआ गांव निवासी राजेश कुमार गुप्ता के घर में ही किराना व जनरल स्टोर की दुकान है। राजेश ने बताया कि बुधवार देर रात करीब चार युवक सिगरेट लेने के लिए दुकान पर पहुंचे थे। उस समय दुकान बंद थी और शटर गिरा हुआ था। राजेश के मुताबिक युवक शटर को जोर-जोर से पीटने लगे। आवाज सुनकर जब वह बाहर निकले तो बगल के टोले के रितिक सिंह, छोटू सिंह और उनके साथ आए अन्य युवक सिगरेट मांगने लगे। जब उन्हें बताया गया कि दुकान में सिगरेट खत्म हो गया है, तो वे गाली-गलौज करने लगे।
कॉलर पकड़कर की मारपीट की कोशिश
राजेश ने बताया कि सिगरेट नहीं मिलने पर युवकों ने गुस्से में कॉलर पकड़ लिया और मारपीट करने की कोशिश की। किसी तरह मामला शांत कराया गया। इसके बाद चारों युवक वहां से जाते-जाते धमकी देकर चले गए कि वे देख लेंगे। राजेश का कहना है कि कुछ देर बाद अचानक उनकी दुकान से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग तेजी से फैल गई।
शादी का सामान और नगदी भी जली
राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि 11 मार्च को उनके भाई छोटू कुमार गुप्ता की शादी होने वाली है। शादी के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये के कपड़े, उपहार और अन्य सामान खरीदकर दुकान में ही रखे गए थे। इसके अलावा करीब 80 हजार रुपये नकद भी रखा हुआ था। आग लगने से शादी का पूरा सामान, नगदी और दुकान में रखा किराना व अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। राजेश के अनुसार इस आगजनी में करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद इलाके के लोग भी मौके पर पहुंच गए और सभी की मदद से आग पर काबू पाया गया। पीड़ित दुकानदार ने चारों युवकों पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है। राजेश ने कहा कि इस घटना से उनका सब कुछ बर्बाद हो गया है और परिवार की कमर टूट गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि आगे किसी और के साथ ऐसी घटना न हो। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इसे भी पढ़ें : होली से ठीक पहले रांची के इस इलाके में ताबड़तोड़ चली गोलियां… देखें वीडियो



