अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Nalanda : नालंदा के हरनौत थाना क्षेत्र के लोहरा गांव के मुसहरी टोला में एक ऐसी घटना हुई है, जिसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया। गांव के रहने वाले श्रवण तांती के 13 वर्षीय बेटे सन्नी कुमार की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। मारपीट इतनी खतरनाक थी कि बच्चे की दोनों आंखें बुरी तरह जख्मी हो गईं। परिजनों का कहना है कि पटना में डॉक्टरों ने साफ कह दिया कि अब उसकी आंखों की रोशनी वापस नहीं आएगी। घटना के बाद गांव में डर और गुस्से का माहौल है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश जारी है।
सरकारी स्कूल का छात्र है सन्नी
सन्नी कुमार गांव के सरकारी विद्यालय में आठवीं कक्षा में पढ़ता है। वह दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा है। सन्नी के पिता श्रवण तांती किसी होटल में मजदूरी करते हैं और परिवार चलाते हैं। परिजनों का कहना है कि सन्नी सीधा-सादा बच्चा है और पढ़ाई में भी ठीक है।
खेल-खेल में हुआ झगड़ा, वहीं से बढ़ी बात
पुलिस के मुताबिक, करीब 10 दिन पहले सन्नी गांव के दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था। खेल के दौरान उसने कंक्रीट का एक टुकड़ा फेंका, जो उसके चचेरे भाई साहिल की आंख में जा लगा। इसके बाद घर में हंगामा हुआ और पंचायत बैठी। पंचायत में इलाज का खर्च देने पर बात बन गई। सभी ने सोचा कि मामला खत्म हो गया, लेकिन अंदर ही अंदर रंजिश बनी रही।
अकेला देखकर घर में घुसकर पीटा
परिजनों और पुलिस की जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल को सन्नी घर में सो रहा था। उसी वक्त उसे अकेला पाकर चाचा, चाची और चचेरी बहन सहित कुछ लोग पहुंचे और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि बच्चे को इस कदर मारा गया कि उसकी दोनों आंखों में गंभीर चोट लग गई। परिजन जब पहुंचे तो सन्नी खून से लथपथ था और दर्द से चिल्ला रहा था।
बिहारशरीफ से पटना रेफर, डॉक्टर ने जवाब दे दिया
घटना के बाद परिजन उसे लेकर बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताकर उसे तुरंत पटना रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि पटना में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने साफ कहा कि आंखों को बचाया नहीं जा सकता। इसके बाद परिजन टूट गए और बच्चे को गांव वापस लेकर आ गए।
चाचा, चाची और चचेरी बहन पर गंभीर आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि इस घटना के पीछे घर के ही लोग हैं। उन्होंने चाचा, चाची और चचेरी बहन को आरोपी बताया है। बताया जा रहा है कि पुराने झगड़े की वजह से ही बच्चे को निशाना बनाया गया।
पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा, बाकी की तलाश
हरनौत थानेदार मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी मनोज तांती को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। थानेदार के अनुसार, एक पक्ष से चार और दूसरे पक्ष से छह लोगों को नामजद किया गया है।
गांव में तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की खबर फैलते ही गांव में तनाव बढ़ गया। लोगों में गुस्सा था और कई ग्रामीण आरोपी पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
सन्नी के घर में मातम पसरा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग बार-बार यही कह रहे हैं कि अब बच्चे का भविष्य अंधेरे में चला गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : जमीन के लफड़े में टपका खू’न, दाउली से का’ट डाला गला



