अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र के बेलबेड़ा उदय टोला में एक ऐसी खौफनाक वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। जमीन के लफड़े में एक महिला की लोहे के दाउली से गला काटकर हत्या कर दी गई। महिला की शिनाख्त मोचोकनी देवी के तौर पर की गई। घटना के बाद गांव में मातम और डर का माहौल है। यह सनसनीखेज घटना बीते 17 अप्रैल की है। पुलिस को जैसे ही हत्या की सूचना मिली, तमाड़ थाना की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संदेही गुनहगार को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार शख्स का नाम सुण्डी मुण्डा उर्फ काटे (45 वर्ष) बताया गया। वह तमाड़ थाना क्षेत्र के बेलबेड़ा गांव का रहने वाला है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का दाउली बरामद कर जब्त कर लिया। इस बात का खुलासा रांची के रूरल एसपी गौरव गोस्वामी ने किया।
सुबह से चल रहा था तनाव, शाम होते ही बह गया खून
एसपी गौरव गोस्वामी ने मीडिया को बताया कि जमीन का यह लफड़ा कोई नया नहीं था। यह झगड़ा लंबे समय से चल रहा था। कई बार पंचायत भी हुई, कई बार गांव के बुजुर्गों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी घर के आसपास माहौल पहले से गरम था। बहस बढ़ती गई और फिर अचानक ऐसा कुछ हुआ, जिसने पूरे गांव को सन्न कर दिया।
गुस्से में उठाया लोहे का दाउली, महिला पर किया जानलेवा हमला
एसपी के अनुसार, आरोपी ने गुस्से में आकर महिला मोचोकनी देवी पर हमला कर दिया। आरोपी ने लोहे के दाउली से महिला का गला काट दिया। हमला इतना बेरहम था कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला। चीख-चीत्कार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। महिला लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर चुकी थी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
गांव में चीख-चीत्कार, घर में मचा कोहराम
वारदात की फैली खबर के बात इलाके में तहलका मच गया। महिला के घर में रोने-बिलखने की आवाजें गूंजने लगीं। पड़ोसी और रिश्तेदार दौड़ते हुए पहुंचे। कुछ लोगों का कहना है कि विवाद ने परिवारों के बीच नफरत भर दी थी और यही नफरत अब खून बनकर बह निकली।
पति ने थाने में दी लिखित शिकायत
मृत महिला के पति बुड़का मुंडा (62 वर्ष) ने तमाड़ थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। आवेदन में बताया गया कि जमीन को लेकर लगातार झगड़ा होता था और इसी कारण उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई। पति के आवेदन के आधार पर तमाड़ थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
एसआईटी ने दबोचा आरोपी
वारदात की खबर एसएसपी राकेश रंजन तक पहुंची। आरोपी को दबोचने के लिए रूरल एसपी गौरव गोस्वामी की देखरेख में टीम बनाई गई। गठित टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की और संदेही गुनहगार सुण्डी मुण्डा उर्फ काटे को दबोच लिया। वहीं, हथियार को जब्त कर लिया। सुण्डी मुण्डा ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। आरोपी को दबोचने में तमाड़ थानेदार प्रवीण कुमार, एसआई गणेश चौड़े और अजय प्रताप की भूमिका सराहनीय रही।
इसे भी पढ़ें : ‘मंथली सिस्टम’ के दम पर बेखौफ हो रहा ‘काला धंधा’, जिम्मेदार बने ‘मौनी बाबा’



