अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chatra : करीब 40 वर्षीय रेखा देवी की ज़िंदगी अचानक एक अंधेरे कुएं जैसी हो गई, जब उन्होंने अपने पति नंदकिशोर साव को खो दिया। धारदार हथियार से गला काटकर बेरहमी से हत्या की गई और शव को गांव के ही कुएं में फेंक दिया गया। रेखा देवी ने थाने में लिखित आवेदन दिया, लेकिन शायद उन्होंने कभी सोचा भी नहीं होगा कि इस वारदात के पीछे उनके अपने ही ससुराल वाले निकलेंगे।
शक गुस्से में बदला और फिर हुई खून की साजिश
करीब चार महीने से अंधेरे में चल रही इस वारदात के पीछे का सच जब सामने आया, तब उसने रिश्तों की नींव को हिला दिया। सच्चाई जान गांव ही नहीं, आसपास का पूरा इलाका दहल उठा। नंदकिशोर साव की हत्या उनके ही बड़े भाई भरोसी साव, भाभी पूनम देवी, भतीजा अंकित और जयप्रकाश ने की थी। वजह बताई गई – ‘नाजायज संबंध’। इल्जाम है कि नंदकिशोर साव का नाजायज संबंध अपनी ही भाभी यानी बड़े भाई भरोसी साव की पत्नी पूनम देवी के साथ था। भरोसी साव का यही शक धीरे-धीरे गुस्से में बदला और फिर खून की साजिश रच दी गई। नंदकिशोर साव को बेरहमी से मौत के घाट उतार उसकी बॉडी को कुएं में फेंक दिया गया।
आरोपियों के कबूल किया गुनाह
इधर, मृतक नंदकिशोर की बेवा रेखा देवी के आवेदन पर चतरा पुलिस कप्तान सुमित अग्रवाल ने तफ्तीश के लिए SIT गठित की। टंडवा SDPO प्रभात रंजन बरवार की देखरेख में SIT ने तफ्तीश शुरू की। मिले एक क्लू पर वारदात के करीब चार महीने बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया। ये लोग मृतक के सगे रिश्तेदार थे। गिरफ्तार लोगों में मृतक का भाई भरोसी साव (58), भाभी पूनम देवी (52), भतीजा अंकित कुमार साहु (28) और दूसरा भतीजा जयप्रकाश साहु (45) शामिल हैं। सभी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की हथौड़ी और चिलोही भी बरामद कर ली गई। गिरफ्तार चारों आरोपियों को 17 सितंबर 2025 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य बिंदुओं पर भी पड़ताल जारी है।
इसे भी पढ़ें : फुफकारते कोबरा से दहला माहौल, सर्प मित्र ने कैसे किया काबू… देखें वीडियो

