अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Madhubani : बिहार के दरभंगा प्रमंडल अंतर्गत मधुबनी जिले में एक बार फिर अपराधियों ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के गीदरगंज गांव में अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे एक युवक की गला रेतकर हत्या करने का प्रयास किया। घायल युवक की पहचान गीदरगंज गांव निवासी लाल मोहम्मद के 20 साल के बेटे मो. पैगाम उर्फ पिच्चा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शनिवार शाम भोजन के बाद पैगाम घर के एक कमरे में सोने चला गया था। जिस कमरे में वह सो रहा था, वहां दरवाजा नहीं था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात अपराधी देर रात घर में दाखिल हुए।
धारदार हथियार से गला रेता
हमलावरों ने बिस्तर पर सो रहे पैगाम पर धारदार हथियार से अचानक हमला कर उसका गला रेत दिया। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब माता पिता कमरे में पहुंचे तो बेटे को खून से लथपथ हालत में देख उनके होश उड़ गए।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल अंधराठाढ़ी रेफरल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। अंधराठाढ़ी थानाध्यक्ष जितेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घायल युवक का इलाज जारी है। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गांव में डर और चिंता
इस घटना के बाद गीदरगंज गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जब लोग अपने ही घर में सुरक्षित नहीं हैं तो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजमी है। लोग रात में घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : रात के अंधेरे में एनका’उंटर, इनामी शू’टर को लगी गोली

