अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Rohtak : रोहतक की सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को एक बार फिर 40 दिन की पैरोल दी गई है। वह रविवार शाम या सोमवार सुबह जेल से बाहर आएगा। प्रशासन ने उसकी रिहाई को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
सिरसा डेरा में ही बिताएगा पैरोल का समय
पैरोल के दौरान राम रहीम को सीधे सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा ले जाया जाएगा। इस बार भी पैरोल की पूरी अवधि सिरसा डेरे में ही बिताई जाएगी। इससे पहले अगस्त 2025 में भी वह 40 दिन की पैरोल पर बाहर आया था और उस समय भी सिरसा डेरे में ही रहा था।
जेल और आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई
राम रहीम की रिहाई को देखते हुए रोहतक की सुनारिया जेल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। सिरसा में भी प्रशासन अलर्ट मोड में है।
साध्वी यौन उत्पीड़न केस में सजा काट रहा है राम रहीम
राम रहीम को साध्वी यौन उत्पीड़न मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद वर्ष 2017 में सजा सुनाई गई थी। तभी से वह रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। बीच-बीच में उसे फरलो और पैरोल मिलती रही है।
2025 में तीसरी बार जेल से बाहर
साल 2025 में राम रहीम अब तीसरी बार जेल से बाहर आएगा। इससे पहले फरवरी और अप्रैल में उसे 21-21 दिन की फरलो मिली थी। अगस्त में 40 दिन की पैरोल पर बाहर आया था। अब यह उसकी 15वीं रिहाई होगी।
क्या होता है पैरोल और फरलो
जेल नियमों के अनुसार, कैदी के अच्छे व्यवहार और सजा की अवधि पूरी करने के बाद पैरोल और फरलो दी जाती है। फरलो की अवधि सजा में जोड़ी जाती है जबकि पैरोल की अवधि सजा में शामिल नहीं होती।
इसे भी पढ़ें : रात के अंधेरे में एनका’उंटर, इनामी शू’टर को लगी गोली

