अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने राशन डीलर उपेंद्रनाथ साहा के बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पैतृक गांव गए थे डीलर, पीछे से घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार राशन डीलर उपेंद्रनाथ साहा शनिवार सुबह अपने परिवार के साथ राशन वितरण के काम से पैतृक गांव बड़ासरसा गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके घर की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। रात में जब परिवार वापस घर लौटा तो उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ और वे घर में सो गए। रविवार सुबह जब घर की जांच की गई तो पीछे के गेट का ताला टूटा मिला। इसके बाद परिवार के लोगों के होश उड़ गए।
ड्रेसिंग टेबल से गायब मिला गहनों से भरा बैग
गृह स्वामी ने बताया कि चोर घर के अंदर घुसने के बाद सीधे उस कमरे तक पहुंचे जहां कीमती सामान रखा हुआ था। कमरे में रखे ड्रेसिंग टेबल के बक्से से गहनों से भरा बैग गायब मिला। बैग में सोने का हार, चेन, हाथ के कंगन समेत करीब छह भर सोना रखा था, जिसकी कीमत लगभग नौ लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पंद्रह भर चांदी के गहने, पायल, दो नई साड़ियां और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद भी चोरी हो गए।
किराएदार की गैरमौजूदगी का भी उठाया फायदा
बताया जा रहा है कि घर में रहने वाला किराएदार भी शनिवार सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक अपने काम के सिलसिले में बाहर था। ऐसे में घर पूरी तरह खाली था। आशंका जताई जा रही है कि चोरों को घर की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी और उन्होंने सही समय देखकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी चोरी बिना रेकी के संभव नहीं है। लोगों को शक है कि वारदात में स्थानीय बदमाशों का हाथ हो सकता है।
पुलिस जुटी जांच में
घटना की जानकारी मिलने के बाद लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने गृह स्वामी की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : गलत जानकारी देकर लिया ‘मंईयां’ का लाभ, इतने लोगों से होगी रिकवरी

