अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम, मोरहाबादी में चल रही चौथी दक्षिण एशियाई सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के दूसरे दिन भारत के एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में अपना दबदबा कायम रखा। शनिवार को भारत ने 7 स्वर्ण, 8 रजत और 3 कांस्य पदक जीते। इस शानदार प्रदर्शन के साथ भारत की कुल पदक संख्या 32 हो गई है।
श्रीलंका दूसरे और नेपाल तीसरे स्थान पर
श्रीलंका ने भी मजबूत प्रदर्शन किया है। उसने 8 स्वर्ण सहित कुल 23 पदक हासिल कर दूसरा स्थान बरकरार रखा। वहीं नेपाल तीन कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।
भारतीय खिलाड़ियों की शानदार झलकियां
भारतीय एथलीटों ने बाधा दौड़, मध्यम दूरी और थ्रोइंग इवेंट्स में विशेष प्रदर्शन किया।
- महिला 100 मीटर हर्डल्स : भारत की नंधिनी ने 13.56 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता।
- पुरुष 110 मीटर हर्डल्स : मानव आर ने 13.78 सेकंड में स्वर्ण अपने नाम किया।
- महिला 1500 मीटर : संजना सिंह ने 4:25.36 मिनट में स्वर्ण जीतकर लगातार दूसरा गोल्ड हासिल किया।
- पुरुष 1500 मीटर : अर्जुन वास्कले ने 3:54.58 मिनट में बाजी मारी।
- महिला 400 मीटर : नीरू पाठक ने 53.15 सेकंड में गोल्ड मेडल जीता।
- महिला डिस्कस थ्रो : सीमा ने 55.14 मीटर फेंककर स्वर्ण पदक हासिल किया।
- पुरुष डिस्कस थ्रो : किरपाल सिंह ने 56.22 मीटर की दूरी फेंकते हुए स्वर्ण जीता।
भारतीय एथलीटों की शानदार दौड़
प्रतियोगिता के दूसरे दिन भारतीय एथलीटों ने विशेष रूप से बाधा दौड़, मध्यम दूरी और थ्रोइंग इवेंट्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
- महिला 100 मीटर बाधा दौड़ (हर्डल्स) में भारत की नंधिनी ने 13.56 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता। साथी खिलाड़ी मौमिता मंडल ने रजत और श्रीलंका की विजेवेरा विथा ने कांस्य पदक हासिल किया।
- पुरुष 110 मीटर बाधा दौड़ में भारत के मानव आर ने 13.78 सेकंड में स्वर्ण जीता, जबकि श्रीलंका के रनतुंगे रोशन को रजत और भारत के कृषिक एम को कांस्य मिला।
संजना और अर्जुन ने दिखाया दमखम
महिला 1500 मीटर फाइनल में भारत की संजना सिंह ने 4:25.36 मिनट में स्वर्ण पदक जीतकर चैम्पियनशिप का अपना दूसरा गोल्ड अपने नाम किया। श्रीलंका की निमाली को रजत और भारत की काजल कंवडे को कांस्य मिला।
वहीं पुरुष 1500 मीटर फाइनल में भारत के अर्जुन वास्कले ने 3:54.58 मिनट में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। श्रीलंका के गल्लागे रुसीरु चाथ और रोजिदीन मोहामथु ने क्रमशः रजत और कांस्य जीते।
नीरू पाठक और सीमा का शानदार प्रदर्शन
महिला 400 मीटर फाइनल में भारत की नीरू पाठक ने 53.15 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता, जबकि साथी खिलाड़ी ओलिंबा स्टेफी ने रजत और श्रीलंका की मेंडिस बलापुवा सयु ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
महिला डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) में भारत की सीमा ने 55.14 मीटर की दूरी फेंककर स्वर्ण जीता। निधि ने रजत और श्रीलंका की विनोद असगीरिये ने कांस्य हासिल किया।
पुरुष डिस्कस थ्रो में भारत के किरपाल सिंह ने 56.22 मीटर की सर्वश्रेष्ठ दूरी फेंककर स्वर्ण पदक जीता, जबकि निर्भय सिंह को रजत और श्रीलंका के मिलंत संपत को कांस्य मिला।
हाई जंप और 400 मीटर में श्रीलंका का पलड़ा भारी
पुरुष हाई जंप में श्रीलंका के ए. समरवीरा ने 2.17 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। भारत के रोहित ने 2.15 मीटर के साथ रजत और आदर्श राम ने 2.09 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।
पुरुष 400 मीटर फाइनल में भी श्रीलंका के हेवा कुमारगे कालिन ने 46.21 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता, भारत के मो. अशफाक को रजत और श्रीलंका के काल्हारा कुरुविटगे को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।
रिले रेस में श्रीलंका ने बनाया नया मीट रिकॉर्ड
पुरुषों की 4×100 मीटर रिले रेस में श्रीलंका ने 39.99 सेकंड का नया मीट रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। भारत ने 40.65 सेकंड के साथ रजत और बांग्लादेश ने 40.94 सेकंड में कांस्य जीता।
महिलाओं की 4×100 मीटर रिले रेस में भी श्रीलंका ने 44.70 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारत (44.93 सेकंड) को रजत और मालदीव (47.79 सेकंड) को कांस्य मिला।
खिलाड़ियों ने की आयोजन की सराहना
खिलाड़ियों और अधिकारियों ने झारखंड सरकार एवं आयोजन समिति की ओर से प्रदान की गई विश्वस्तरीय सुविधाओं, उत्कृष्ट प्रबंधन और गर्मजोशी भरे आतिथ्य की सराहना की।
इसे भी पढ़ें : रांची में छठ पर 5000 जवान होंगे तैनात, ड्रोन से होगी घाटों की निगरानी

