अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chatra : चतरा के पिपरवार सीसीएल क्षेत्र में बीती रात अपराधियों ने खुली चुनौती दी। राजधर साइडिंग में नकाबपोश अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर कोयला लोडिंग में लगी जेसीबी मशीन को आग के हवाले कर दिया। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका थर्रा उठा और मजदूरों में भगदड़ मच गई। इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने की जिम्मेदारी कुख्यात राहुल सिंह गैंग आजाद सरकार ने ली है। आजाद सरकार के नाम से बने फेसबुक पेज पर एक प्रेस रिलीज जारी किया गया। प्रेस रिलीज में धमकी भरे लहजे में लिखा गया है कि “अब बहुत हो गया, ये आखरी चेतावनी है! कोयला ट्रांसपोर्टरों और कोयला व्यवसायियों मैनेज कर के काम करो नहीं तो अब तुम्हारे काम के साथ-साथ तुम्हारा हाल भी बुरा कर देंगे जिसके जिम्मेवार भी तुम्ही होगे! मुन्ना अंसारी तुम्हें अब भी अगर समझ नहीं आ रहा है तो तुम तैयार ही रहो, क्योंकि तुम मैनेज करोगे नहीं और अब हम तुम्हें काम करने लायक ही नही छोड़ेंगे!”
प्रेस रिलीज में आगे जिक्र है कि “Khalari Cement Siding से लेकर Rajdhar Siding तक पड़ने वाले सभी Siding जैसे – Bachra, Dakra, Khalari एवं अन्य सभी… हमने पहले भी अपनी पोस्ट के जरिये मैनेज कर के काम करने को कहा था! अगली बार मैनेज नहीं हुआ और हम विवश हुए कुछ करने को तो, अपने अंजाम कि कल्पना तुम कल की घटना से लगा लेना! हमें मजबूर न करें, मैनेज करें और काम करें, वरना आप जो सोच भी नहीं सकते हैं, हम आपको उस मुकाम तक ले जा सकते है!”
पहले दी धमकी, फिर दागी गोलियां
यहां याद दिला दें कि बीती रात करीब 10:30 बजे सात से आठ अपराधी मौके पर पहुंचे थे। जेसीबी ऑपरेटर को बंदूक के दम पर नीचे उतारा गया। इसके बाद मशीन को चारों ओर से घेरकर दोनों तरफ से फायरिंग शुरू कर दी। आठ से दस राउंड गोलियां चलने के बाद पेट्रोल डालकर जेसीबी में आग लगा दी गई। शीशे तक तोड़ दिये गये।
सुरक्षा बलों की जवाबी फायरिंग
घटना के समय तैनात एसआईएसएफ जवानों ने मोर्चा संभाला। हालात को देखते हुए जवानों ने सात राउंड जवाबी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई से अपराधी घबरा गए और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। अगर सुरक्षा बल पलटवार नहीं करते तो नुकसान और बड़ा हो सकता था।

आग बुझी, नुकसान बचा
अपराधियों के भागते ही जवानों और कर्मचारियों ने मिलकर आग पर तुरंत काबू पाया। बड़ा नुकसान होने से बच गया। फायरिंग के कुछ घंटों बाद लोडिंग शुरू हो गयी।
पुलिस अलर्ट, इलाके में घेराबंदी
सूचना मिलते ही टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार, पिपरवार थानेदार अभय कुमार और एसआईएसएफ के कंपनी कमांडर जयराम सिंह मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। घटनास्थल से कुछ खोखे बरामद हुए हैं। अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।
सीसीटीवी खंगाले जा रहे, छापेमारी तेज
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी होगी।
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर में एनका’उंटर, बदमाशों ने पुलिस की कार्बाइन छीन कर…

