अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Begusarai : बिहार के बेगूसराय जिले में एक और खौफनाक वारदात सामने आई है। छौराही थाना क्षेत्र के पीरनगर गांव में मंगलवार देर रात जेडीयू के पूर्व पंचायत अध्यक्ष निलेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनकी उम्र करीब 37 वर्ष बताई गई है। वे हाल तक पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
सोते समय हमला, मौके पर ही मौत
परिवार के अनुसार, निलेश रात का खाना खाने के बाद रोज की तरह अपने मवेशी वाले डेरा पर सोने चले गए थे। देर रात 6 से 9 हथियारबंद लोग वहां पहुंचे और बिना कुछ बोले उन पर कई गोलियां दाग दीं। गोलियां उनके सीने, गर्दन और आंख के पास लगीं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव वाले पहुंचे, पर बदमाश भाग निकले।
जमीन विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा
परिजनों ने बताया कि निलेश कुछ साल पहले एक जमीन विवाद में भी शामिल थे, जिसकी एफआईआर दर्ज है। पुलिस शुरूआती जांच में इसी पुराने विवाद को मुख्य कारण मान रही है।
चार नामजद, दो गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने गांव के ही चार लोगों के नाम बताए। पुलिस ने दो आरोपियों रामप्रवेश महतो और जयप्रकाश महतो को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ चल रही है। बाकी दो आरोपी फरार हैं।
पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक टीम की जांच
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर जांच की। डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में जमीन विवाद की पुष्टि हुई है और आगे की कार्रवाई तेजी से की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : सीएम नीतीश ने की हाई लेवल समीक्षा, 430 योजनाओं का लिया हिसाब



