अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : आदिवासी नेता और पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में आज यानी शनिवार को विभिन्न आदिवासी संगठनों ने झारखंड बंद का आह्वान किया। बंद का असर सुबह से ही राज्य के कई जिलों में देखने को मिला। खासकर खूंटी, रांची और आसपास के इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा।
सड़कों पर उतरे बंद समर्थक
सुबह से ही बंद समर्थक सड़कों पर उतर आए। कई जगहों पर प्रमुख चौक चौराहों और राष्ट्रीय राजमार्गों को जाम कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर विरोध जताया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
आदिवासी संगठनों और समन्वय समितियों का कहना है कि सोमा मुंडा समाज के सम्मानित नेता थे। उनकी हत्या को आदिवासी समाज पर हमला बताया गया। संगठनों ने मांग की कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों और साजिशकर्ताओं को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में
झारखंड बंद को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की है। साथ ही आश्वासन दिया गया है कि हत्या मामले की जांच तेजी से की जा रही है।
दुकानें बंद, स्कूलों में कम उपस्थिति
बंद के कारण कई इलाकों में दुकानों के शटर गिरे रहे। स्कूलों और कॉलेजों में छात्रों की उपस्थिति कम रही। व्यावसायिक गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ा।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
आदिवासी संगठनों ने साफ कहा है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : “55 रोज से लापता मासूम कन्हैया बस जिंदा मिल जाए, यही दुआ”

