अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में अब पुलिसकर्मी गर्मी के मौसम की वर्दी में नजर आएंगे। पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर के सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को आगामी 9 मार्च से ग्रीष्मकालीन वर्दी पहनने का निर्देश दिया है। इस वर्दी में पुलिसकर्मी आस्तीन मोड़कर और टोपी के साथ ड्यूटी करेंगे। यह व्यवस्था 15 नवंबर 2026 तक लागू रहेगी। इस संबंध में झारखंड पुलिस मुख्यालय से आदेश जारी किया गया है। आदेश आईजी प्रोविजन की ओर से जारी कर राज्य के सभी पुलिस विभागों और इकाइयों को भेजा गया है, ताकि समय पर इसका पालन सुनिश्चित किया जा सके।
पहले लागू थी सर्दी की वर्दी
पुलिस मुख्यालय ने इससे पहले 4 नवंबर 2025 को आदेश जारी कर 15 नवंबर 2025 से शीतकालीन वर्दी लागू करने को कहा था। उस आदेश के बाद से राज्यभर में पुलिसकर्मी बंद आस्तीन की वर्दी और टोपी पहनकर ड्यूटी कर रहे थे।
गर्मी की शुरुआत के साथ बदली वर्दी
अब मौसम में बदलाव और गर्मी बढ़ने को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने वर्दी बदलने का फैसला लिया है। नए आदेश के मुताबिक 9 मार्च से सभी पुलिसकर्मी आस्तीन मोड़कर वर्दी पहनेंगे। इससे गर्मी में ड्यूटी करना थोड़ा आसान हो सकेगा।
सभी विभागों को भेजा गया आदेश
यह निर्देश झारखंड पुलिस के सभी बड़े अधिकारियों और विभागों को भेजा गया है। इनमें गृह रक्षा वाहिनी और अग्निशमन सेवा, संचार और तकनीकी सेवाएं, रेल पुलिस, विशेष शाखा, झारखंड जगुआर, प्रशिक्षण इकाइयां और अन्य पुलिस कार्यालय शामिल हैं। पुलिस मुख्यालय ने सभी इकाइयों से कहा है कि तय तारीख से नई वर्दी के नियम को लागू कर दिया जाए और सभी पुलिसकर्मी उसी के अनुसार ड्यूटी करें।
इसे भी पढ़ें : होली में पिस्टल के दम पर गुंडई करने वाले की पुलिस ने निकाली हेकड़ी, SP क्या बता गये… देखें वीडियो



