अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी वार्षिक रिपोर्ट रैंकिंग ऑफ पुलिस स्टेशन 2025 में झारखंड के सरायकेला खरसावां जिले स्थित चौका थाना ने पूरे देश में चौथा स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इसी के साथ चौका थाना को झारखंड का सर्वश्रेष्ठ थाना घोषित किया गया है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि चौका थाना ने देशभर के 18 हजार से अधिक पुलिस थानों को पीछे छोड़ा है।
हर साल होता है थानों के कामकाज का मूल्यांकन
गृह मंत्रालय हर वर्ष देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस थानों के कामकाज और प्रदर्शन का विस्तृत मूल्यांकन करता है। इसी आधार पर यह प्रतिष्ठित रैंकिंग जारी की जाती है। इस रैंकिंग की औपचारिक घोषणा डीजीएसपी और आईजीएसपी कॉन्फ्रेंस के दौरान की जाती है, जिसमें देश के शीर्ष 10 पुलिस थानों को चुना जाता है।

स्वतंत्र एजेंसी ने किया ग्राउंड सर्वे
साल 2025 की रैंकिंग के लिए गृह मंत्रालय ने एक स्वतंत्र एजेंसी के माध्यम से व्यापक ग्राउंड सर्वे कराया था। इस सर्वे में पुलिस थानों के कामकाज को कई सख्त और महत्वपूर्ण मानकों पर परखा गया। इन मानकों में अपराध नियंत्रण, अपराध से जुड़े रिकॉर्ड का रखरखाव, आम लोगों के साथ व्यवहार, सामाजिक संवेदनशीलता, तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल और नागरिक केंद्रित पुलिसिंग शामिल रही।
हर पैमाने पर खरा उतरा चौका थाना
इन सभी मानकों पर चौका थाना का प्रदर्शन बेहतरीन पाया गया। बेहतर अपराध नियंत्रण, जनता से मजबूत संवाद और आधुनिक कार्यशैली ने इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। इसी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के कारण चौका थाना को देशभर में चौथा स्थान मिला।

पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल
चौका थाना की इस सफलता से न सिर्फ सरायकेला खरसावां जिले बल्कि पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है। लोग इसे झारखंड पुलिस की मेहनत और अनुशासन का नतीजा मान रहे हैं।
टीम वर्क और बेहतर पुलिसिंग का परिणाम
पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने इस उपलब्धि को टीम वर्क और बेहतर पुलिसिंग मॉडल का परिणाम बताया है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में भी इसी तरह जनता के भरोसे पर खरा उतरने की कोशिश जारी रहेगी।


इसे भी पढ़ें : झारखंड में सितम ढा रहा ठंड, शाम से पहले सुलगने लगे अलाव

