अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झामुमो यानी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शनिवार को बड़ा ऐलान कर दिया है। पार्टी के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रेस कांफ्रेस कर बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव में झामुमो अपने दम पर छह सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारेगी। सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि पार्टी ने धनतेरस के शुभ अवसर पर यह निर्णय लिया है कि बिहार की छह विधानसभा सीटों पर झामुमो अपने प्रत्याशी उतारेगा। ये सीटें होंगी — चकाई, धमदाहा, कटोरिया, मनिहारी, जमुई और पीरपैंती। उन्होंने कहा कि गठबंधन दलों, खासकर राजद और कांग्रेस से सीटों को लेकर बात हुई थी, लेकिन किसी ने झामुमो को तरजीह नहीं दी। इसलिए पार्टी ने अब अपने दम पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।
गठबंधन की समीक्षा का संकेत
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झामुमो अब लगातार “समझौते की राजनीति” नहीं करेगा। उन्होंने कहा — “हम झारखंड में भी गठबंधन की समीक्षा करेंगे। हम लगातार धोखा नहीं खा सकते। गुरुजी ने हमें लड़ना सिखाया है। हम सबकुछ बर्दाश्त कर सकते हैं लेकिन आत्मसम्मान पर समझौता नहीं करेंगे।” उनके इस बयान से यह संकेत मिल रहा है कि आने वाले दिनों में महागठबंधन में दरार पड़ सकती है।
20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी
प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि झामुमो ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इसमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन का नाम भी शामिल है। पार्टी ने यह सूची चुनाव आयोग को भेज दी है।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि “बिहार चुनाव अब बहुमुखी होगा। हमारी कोशिश होगी कि सभी छह उम्मीदवार जीत दर्ज करें।”
इसे भी पढ़ें : बिहार विस चुनाव : चिराग की इस महिला कैंडिडेट का नामांकन रद्द… जानें क्यों



