अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bettiah : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। चुनाव आयोग के निर्देश पर जिले में उड़नदस्ता और निगरानी दल सक्रिय हो गए हैं। इसी क्रम में शनिवार को दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 4 लाख 6 हजार 140 रुपये नकद जब्त किए गए।
पहली कार्रवाई: चनपटिया में 1.17 लाख रुपये बरामद
पहली कार्रवाई चनपटिया प्रखंड के चुहड़ी एसएसटी प्वाइंट पर हुई। जांच के दौरान राजकुमार नामक व्यक्ति से ₹1,17,140 नकद बरामद किए गए। वह अपनी मोटरसाइकिल से दुकान कलेक्शन के लिए जा रहे थे। दंडाधिकारी संदीप कुमार और एसआई रामकांत कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। बरामद राशि को जांच के लिए चनपटिया थाना मालखाने में जमा किया गया है।
दूसरी कार्रवाई: गोपालपुर में 2.89 लाख रुपये मिले
वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई गोपालपुर थाना क्षेत्र के घोघा चौक पर की गई। एसएसटी-13 टीम ने वाहन जांच के दौरान दिवाकर कुमार नामक व्यक्ति से ₹2,89,000 नकद बरामद किए। पूछताछ में वह कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद राशि को जब्त कर लिया गया।
प्रशासन की सख्ती और जनता से अपील
दोनों मामलों की सूचना व्यय प्रेक्षण दल को दे दी गई है और जांच जारी है। जिला प्रशासन ने कहा है कि चुनाव के दौरान अवैध नकदी और शराब पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों, चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना नियंत्रण कक्ष या टोल फ्री नंबर पर तुरंत दें।
इसे भी पढ़ें : झामुमो का बड़ा ऐलान- बिहार की 6 सीटों पर अपने दम पर उतारेगा उम्मीदवार

