अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : JSCA यानी झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन का चुनाव 18 मई 2025 को होने जा रहा है। यह चुनाव अब एक हाई प्रोफाइल मुकाबला बन चुका है। इस चुनाव में मुख्य रूप से दो गुटों के बीच टक्कर हो रही है। एक गुट का नेतृत्व पूर्व उपाध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव कर रहे हैं, जबकि दूसरे गुट का नेतृत्व उद्योगपति एसके बेहरा कर रहे हैं। अजय नाथ शाहदेव ने गुरुवार को रांची प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अपनी प्राथमिकताएं साझा की। उन्होंने कहा कि यह चुनाव रांची में नए क्रिकेट स्टेडियम के बनने के बाद हो रहा है और इस बार अमिताभ चौधरी हमारे बीच नहीं हैं, जिनकी कमी हम सभी महसूस कर रहे हैं। शाहदेव ने कहा कि अमिताभ चौधरी ने झारखंड में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का सपना देखा था, जिसे उन्होंने अपनी मेहनत से पूरा किया। उन्होंने यह भी कहा कि वे चौधरी के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और JSCA की गरिमा को बनाए रखने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। जब उनसे अमिताभ चौधरी के परिवार का समर्थन मिलने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल इमोशनल कार्ड खेलने की जरूरत नहीं है। उनकी टीम के सभी प्रत्याशी अपने अनुभव के साथ क्रिकेट के विकास के लिए चुनावी मैदान में हैं।
दूसरी ओर, एसके बेहरा की टीम में खूंटी के एसबी सिंह सचिव पद के प्रत्याशी हैं और आईजी अखिलेश झा उनके पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। राज्य के महाधिवक्ता राजीव रंजन भी बेहरा के साथ हैं। अजय नाथ शाहदेव के साथ पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी सचिव पद के उम्मीदवार हैं, जबकि शाहबाज नदीम सह सचिव पद के प्रत्याशी हैं। कोषाध्यक्ष के पद पर अमिताभ घोष उनकी टीम में शामिल हैं। जानकारों का मानना है कि दोनों गुटों के बीच मुकाबला काफी रोचक होने वाला है।
इसे भी पढ़ें : लातेहार पुलिस ने PLFI को दिया तगड़ा झटका… जानें कैसे

