अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना में हड़कंप मच गया। थानेदार बैजनाथ कुमार को एसएसपी पीयूष पांडेय के निर्देश पर निलंबित कर दिया गया है। यह कदम डीआइजी के आदेश के बाद उठाया गया। जानकारी के मुताबिक, थानेदार पर आरोप है कि उन्होंने कुख्यात अपराधी मनीष सिंह के खिलाफ दर्ज शिकायतों पर कोई ठोस और असरदार कदम नहीं उठाया। थाना क्षेत्र के कई व्यापारी और ठेकेदार लंबे समय से शिकायत कर रहे थे कि मनीष सिंह उन्हें धमका कर रंगदारी मांग रहा है। पीड़ितों ने यह बात सीधे थाना प्रभारी को बताई, लेकिन उसके बावजूद कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई।
एसएसपी और डीआइजी का सीधा हस्तक्षेप
जमशेदपुर के एसएसपी को खुद मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा और उन्होंने मनीष सिंह के खिलाफ तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। लेकिन थाना स्तर पर फिर भी कोई ठोस पहल नहीं हुई। डीआइजी ने आदेश में कहा कि थाना प्रभारी की कार्यशैली संदिग्ध नजर आ रही है और उन्होंने अपने कर्तव्य में लापरवाही बरती है।
व्यापारियों में बढ़ा डर और पुलिस की छवि प्रभावित
कुख्यात अपराधियों के खिलाफ ढुलमुल रवैये के कारण इलाके के व्यापारी और ठेकेदार डर के माहौल में जी रहे थे। इससे न केवल आम लोग परेशान हुए, बल्कि पुलिस की छवि पर भी असर पड़ा।
निलंबन और नई तैनाती
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर बैजनाथ कुमार को तुरंत प्रभाव से जुगसलाई थाना प्रभारी के पद से हटा कर निलंबित कर दिया गया है। निलंबन के दौरान उन्हें जीवनयापन भत्ता दिया जाएगा। विभागीय कार्रवाई शुरू करने की अनुशंसा भी की गई है। जुगसलाई का नया थानेदार इंस्पेक्टर गुलाम रब्बानी को बनाया गया है। वह पहले पटमदा में तैनात थे। अब उनकी जिम्मेदारी होगी कि इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखें और व्यापारियों के बीच भरोसा कायम करें।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत की बरसी रहमत, उम्रकैद के 23 बंदियों की हो गई रिहाई



