अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Koderma : कोडरमा के तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा-झरनाकुंड में बीती रात पुलिस और अपराधियों के बीच एनकाउंटर हो गया। इस एनकाउंटर में एक अफराधी के पैर में गोली लगी और वह जख्मी हे गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, कुछ अपराधी एक मकान में बैठकर बैंक लूट की प्लानिंग कर रहे थे। इसकी भनक पुलिस को लग गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही एक अपराधी ने हथियार तान दिया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। घायल अपराधी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया है। इस दौरान अपराधियों को पकड़ने की कोशिश में तिलैया थानेदार विनय कुमार के पैर में भी चोट लगी। पुलिस ने मौके से तीन अन्य आरोपितों को भी पकड़ लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपित बिहार के सिवान जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस के पहुंचते ही तान दिया था हथियार
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि इंदरवा-झरनाकुंड के एक मकान में कुछ लोग जमा हैं और किसी बैंक को लूटने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस सक्रिय हुई और टीम बनाकर बताए गए ठिकाने पर पहुंची। पुलिस ने जैसे ही छापेमारी शुरू की, वहां मौजूद अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक अपराधी ने पुलिस पर हथियार तान दिया। पुलिस ने अपनी सुरक्षा में जवाबी गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी।
गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। घायल हालत में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया। वहीं, मौके पर मौजूद तीन अन्य लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि बैंक लूट की पूरी योजना क्या थी और इस गिरोह में उनके साथ और कौन लोग जुड़े हुए हैं।
एसडीपीओ प्रमोद केसरी ने बताया कि आरोपितों के पास से तीन पिस्टल, 15 गोलियां और पांच मैगजीन बरामद की गई हैं। हथियार और गोलियां मिलने के बाद पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है। आरोपितों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी कुमार शिवाशीष भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल थानेदार विनय कुमार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इसके बाद हिरासत में लिए गए आरोपितों से भी पूछताछ की। पुलिस अब पकड़े गए लोगों से मिली जानकारी के आधार पर इस गिरोह के दूसरे सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इसे भी पढ़ें : JSSC-CGL परीक्षा रद्द, CM हेमंत बोले- 2014 से अब तक की नियुक्तियों की होगी जांच













