अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुधवार तड़के गंगालूर इलाके के घने जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। यह क्षेत्र दंतेवाड़ा की सीमा से लगा है, जहां लंबे समय से लगातार एंटी नक्सल ऑपरेशन चल रहे हैं। इस कार्रवाई में पाँच नक्सली मारे गए, जबकि DRG का एक जवान शहीद हो गया।
जंगल में दाखिल होते ही नक्सलियों ने की फायरिंग
सूत्रों के अनुसार DRG, STF और CRPF की CoBRA टीम ने एक संयुक्त अभियान शुरू किया था। जैसे ही टीम जंगल के भीतर बढ़ी, नक्सलियों ने अचानक घात लगाकर गोलीबारी शुरू कर दी। कुछ ही मिनटों में झड़प बड़ी मुठभेड़ में बदल गई और दोनों ओर से लगातार फायरिंग होती रही।
शहीद जवान ने अंतिम समय तक मोर्चा थामा
मुठभेड़ के दौरान DRG का एक जवान गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी अपनी पोजिशन पर डटा रहा। बाद में उसने दम तोड़ दिया। एक अन्य जवान घायल है और उसका उपचार जारी है। घटनास्थल के आसपास का पूरा इलाका अभी भी सुरक्षा बलों की घेराबंदी में है और तलाशी अभियान चल रहा है।
इस साल 268 नक्सली मारे जा चुके हैं
राज्य में इस साल नक्सल विरोधी अभियान में 268 नक्सली मारे गए हैं। इनमें से 239 नक्सली सिर्फ बस्तर डिवीजन में ढेर किए गए हैं। सात जिलों वाले इस क्षेत्र में हाल के महीनों में लगातार बड़ी कार्रवाई हुई है।
केंद्र का नक्सल उन्मूलन पर जोर
बीजापुर की यह कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों के बढ़ते प्रभाव को दिखाती है। गंगालूर के जंगलों में जारी सर्च ऑपरेशन से और भी बरामदगी की उम्मीद है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने की तैयारी तेज करने का निर्देश दिया है और मार्च तक की समय सीमा तय की है।
इसे भी पढ़ें : JJMP को लातेहार पुलिस का तगड़ा झटका, SP क्या बता गये… देखें



