अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : मोकामा के ‘छोटे सरकार’ यानी अनंत सिंह को पटना हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। चर्चित दुलारचंद यादव हत्या मामले में अदालत ने उन्हें जमानत दे दी है। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों पर गौर करने के बाद यह फैसला सुनाया।कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद माना जा रहा है कि अनंत सिंह शुक्रवार या शनिवार तक जेल से बाहर आ सकते हैं। जैसे ही जमानत की खबर फैली, मोकामा और आसपास के इलाकों में उनके समर्थकों में खुशी का माहौल बन गया।
समर्थकों में जश्न का माहौल
समर्थकों ने खुलकर जश्न मनाया। उनका कहना है कि उन्हें शुरू से ही अनंत सिंह पर भरोसा था और अब अदालत के फैसले ने उनके विश्वास को और मजबूत कर दिया है। इलाके में कई जगह पटाखे फोड़े गए और मिठाइयां बांटी गईं।
क्या है दुलारचंद यादव हत्या मामला
यह मामला काफी समय से चर्चा में रहा है। 30 अक्टूबर को मोकामा टाल इलाके में दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी। इस घटना में अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर आरोप लगे थे। घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाई। 1 नवंबर की देर रात कार्तिकेय शर्मा खुद मोकामा स्थित अनंत सिंह के आवास पहुंचे और उन्हें गिरफ्तार किया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में काफी गंभीर चोटों का जिक्र किया गया। शरीर पर कई गहरे घाव मिले और खून जमने के निशान भी थे। फेफड़े फटे हुए पाए गए, जिससे अंदरूनी खून बहने की बात सामने आई। छाती की कई पसलियां टूटी हुई थीं। रीढ़ की हड्डी के पास भी चोट के निशान मिले। सिर, घुटनों, टखनों और पीठ पर गहरी चोटें थीं। इसके अलावा दाहिने पैर के पास गोली लगने के निशान भी मिले।
फिर सुर्खियों में मामला
अनंत सिंह को जमानत मिलने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। राजनीतिक हलकों में भी इस फैसले को लेकर अलग अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अब आगे की कानूनी प्रक्रिया और ट्रायल पर सबकी नजर बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : गांधी चौक बवाल में आजसू नेता बाबू पॉल गिरफ्तार, कई और रडार पर



