अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Muzaffarpur : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में उत्तराखंड से अपने ननिहाल आई 14 साल की नाबालिग के साथ दरिंदगी की गयी। घटना सरैया थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जहां सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के तुरंत बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी युवक पीड़िता के मामा का ही पड़ोसी है और घटना के बाद से घर छोड़कर फरार है।
मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग अपने माता-पिता और भाई के साथ दिवाली के समय उत्तराखंड से मुजफ्फरपुर स्थित अपने ननिहाल आई थी। रविवार शाम को संध्या अर्घ्य देने के बाद सोमवार सुबह भी वह अपने माता-पिता और मामा के परिवार के साथ छठ घाट पर गई थी। अर्घ्य खत्म होने के बाद नाबालिग अपनी मां और नानी के भीगे हुए कपड़े लेकर घर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान घाट पर मौजूद पड़ोस की एक महिला ने अपने भीगे कपड़े भी उसे दे दिए और कहा कि इन्हें मेरे घर पर रख आओ।
घर में अकेला पाकर युवक ने बनाया शिकार
मासूम बच्ची पड़ोसी महिला के भीगे कपड़े लेकर उसके घर पहुंची। उस समय घर में महिला का 24 साल का बेटा अमन कुमार अकेला मौजूद था। पीड़िता के मुताबिक, अमन ने कपड़े रखने के बहाने उसे घर के अंदर बुलाया और उसके साथ रेप किया। वारदात के बाद डरी-सहमी बच्ची किसी तरह वहां से निकलकर अपने ननिहाल पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। गुस्साए परिजन जब आरोपी के घर पहुंचे तो वह मौके से भाग चुका था।
साइबर कैफे चलाता है आरोपी, FSL टीम ने जुटाए सबूत
आरोपी अमन अपने घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक किराए की दुकान में साइबर कैफे चलाता है, जहां वह फोटो स्टेट और फोटो प्रिंट का काम करता है। घटना की सूचना मिलते ही सरैया थानेदार संतोष कुमार पंकज पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने मौके पर एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से खून के धब्बे और अन्य जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए हैं।
सरैया SDPO अभिजीत कौर ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है। नाबालिग को इलाज और मेडिकल जांच के लिए SKMCH भेजा गया है। पुलिस की टीमें आरोपी अमन की गिरफ्तारी के लिए उसके रिश्तेदारों और दोस्तों के ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
इसे भी पढ़ें : 11 साल की अनाथ भतीजी से बड़े पापा ने की दरिंदगी, फिर पत्थर से सिर कुचलकर मार डाला






