अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Motihari : बिहार के मोतिहारी जिले के सुगौली थाने में तैनात SI यानी दारोगा शैलेश कुमार पर जमीन विवाद सुलझाने और केस न करने के बदले रिश्वत मांगने के साथ-साथ एक महिला से एक रात साथ बिताने की शर्त रखने का आरोप लगा है। इस पूरी बातचीत का करीब 11 मिनट लंबा ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी SI शैलेश कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
मोतिहारी पुलिस का दरोगा सस्पेंड, महिला से की थी आपत्तिजनक मांग
यह पूरा मामला सुगौली थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव का है, जहां दो पड़ोसियों के बीच गैरमजरूआ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के घर में आग लगा गयी, जिसका इल्जाम पीड़ित महिला पर लगाया गया और उसके खिलाफ थाने में आवेदन दे दिया गया। पुलिस ने पहले दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया था, लेकिन बाद में FIR दर्ज होने के डर से महिला ने 25 अक्टूबर को मामले की जांच कर रहे SI शैलेश कुमार को फोन किया। वायरल ऑडियो में महिला बार-बार दारोगा से केस न करने की गुहार लगाती सुनाई दे रही है। महिला कहती है कि वह जो कहेंगे करने को तैयार है, जिस पर SI साफ शब्दों में कहता है कि तुम एक रात आओ, तो हम तुम्हारी तरफ से हो जाएंगे।
जमीन विवाद सुलझाने के बदले मांगी 20 हजार की रिश्वत
बातचीत के दौरान पैसों के लेनदेन का भी जिक्र सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि दरोगा ने दूसरे पक्ष पर कार्रवाई करने और मामले को रफा-दफा करने के लिए 20 हजार रुपए की मांग की थी। ऑडियो में महिला दारोगा को याद दिलाती है कि वह दो किस्तों में पहले ही चार हजार रुपए दे चुकी है, जिसमें पहली बार तीन हजार और दूसरी बार एक हजार रुपए दिए गए थे। महिला यह आशंका भी जताती है कि कहीं दूसरे पक्ष ने उनसे ज्यादा पैसे तो नहीं दे दिए हैं। इस पर दरोगा कहता है कि फोन पर ये सब बातें नहीं होती हैं और मिलने के लिए बुलाता है। वह यह भी कहता है कि दूसरे पक्ष के पास बेतिया स्टेट के असली कागजात हैं और वह तो बस उन्हें डराने के लिए कागज की वैल्यू न होने की बात कह रहा था।
वायरल ऑडियो के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात की बड़ी कार्रवाई
इस पूरे प्रकरण को लेकर जदयू के प्रखंड अध्यक्ष अरविंद कुशवाहा ने DM को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। जैसे ही शिकायत और वायरल ऑडियो आला अधिकारियों के संज्ञान में आया, एसपी स्वर्ण प्रभात ने तत्काल विभागीय जांच के आदेश दिए। जांच टीम ने ऑडियो और तथ्यों की पड़ताल की, जिसमें SI शैलेश कुमार पर लगे रिश्वत मांगने और महिला से अभद्र व आपत्तिजनक बातचीत करने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसपी ने दारोगा को निलंबित कर दिया और साफ संदेश दिया कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : मुजफ्फरपुर में नाबालिग से दरिंदगी, महापर्व मनाने उत्तराखंड से आई थी ननिहाल






