अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के चाकुलिया थाना क्षेत्र में 16 नवंबर को हुई सुनिल महतो की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपित नीरज बेरा को पश्चिम बंगाल के झारग्राम बाजार में एक लॉज से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लगातार जगह बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
हत्या में इस्तेमाल रॉड और खून लगे कपड़े मिले
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नीरज बेरा की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे का रॉड, मृतक का मोबाइल, होंडा एसपी 125 बाइक, चाभियां और खून लगे कपड़े बरामद किए। पुलिस को उसके पास से एक और मोबाइल, सिम कार्ड और खून लगा जैकेट भी मिला। सभी सामानों को जब्त कर लिया गया है।
हत्या के बाद मोबाइल और बाइक लेकर फरार
पुलिस जांच में पता चला कि हत्या के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल और बाइक लेकर फरार हो गया था। मृतक की मां बुलु रानी महतो ने थाना में शिकायत देकर बताया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके पुत्र के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
विशेष टीम ने लगाया सुराग
कांड की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी और घाटशिला एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी का अध्ययन किया। इससे पता चला कि आरोपी झारग्राम और आसपास के इलाकों में छिप रहा था।
पुलिस ने कहा- साक्ष्य मजबूत हैं
पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य हैं। उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और जांच आगे भी जारी रहेगी। गिरफ्तारी में धालभूमगढ़ के पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, चाकुलिया थाना प्रभारी संतोष कुमार और अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसे भी पढ़ें : दिनदहाड़े युवक के सिर में मा’री गोली… जानें

