अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Gopalganj (Bihar) : गोपालगंज जिले के कुकुरभुक्का गांव का कुख्यात अपराधी सुरेश यादव को हावड़ा के संध्या बाजार में अज्ञात अपराधियों द्वारा गोलियों से छलनी कर दिया। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। वारदात को मंगलवार की रात अंजाम दिया गया। सुरेश यादव की हत्या की फैली खबर के बाद इलाके में तहलका मच गया।
पहचान छिपा कर रह रहा था कुख्यात सुरेश यादव
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सुरेश यादव अपनी पहचान छिपाकर हावड़ा में रह रहा था। मंगलवार रात वह संध्या बाजार में था, तभी अज्ञात अपराधियों ने उसे घेर लिया और गोलियों की बौछार कर दी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेज दिया
ट्रिपल मर्डर सहित दो दर्जन संगीन मामलों में था वांटेड
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सुरेश यादव के खिलाफ ट्रिपल मर्डर, एक मुखिया हत्याकांड समेत दो दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। वह वर्षों से फरार चल रहा था और बिहार पुलिस के लिए एक बड़ा सिरदर्द बना हुआ था।
पुरानी रंजिश या गैंगवार का नतीजा हो सकता है कुख्यात की मर्डर
गोपालगंज पुलिस का मानना है कि यह हत्या पुरानी रंजिश या गैंगवार का नतीजा हो सकती है। चूंकि हत्या बिहार का अपराधी होने के बावजूद पश्चिम बंगाल में हुई, इसलिए गोपालगंज पुलिस ने हावड़ा पुलिस से संपर्क कर विस्तृत जानकारी मांगी है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि सुरेश यादव हावड़ा में क्यों था और वहां किस अपराधी नेटवर्क से जुड़ा था। साथ ही जांच जारी है कि उसका आपराधिक नेटवर्क बंगाल तक फैला हुआ था या नहीं। गोपालगंज पुलिस ने कहा कि मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।
इसे भी पढ़ें : पुलिस लाइन के ड्राइवर ने दे दी जान, दो थानेदार को बताया जिम्मेदार… देखें वीडियो

