अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dhanbad : धनबाद जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस अब पूरी तरह हाईटेक मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में सोमवार को पुलिस केंद्र में ड्रोन प्रशिक्षण कार्यशाला की शुरुआत की गई। तीन दिन चलने वाली इस कार्यशाला का उद्घाटन वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में एसएसपी ने साफ कहा कि आज के समय में पुलिसिंग सिर्फ जमीन तक सीमित नहीं रह सकती। तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाना जरूरी है, ताकि हर स्थिति पर तेजी से और सटीक नजर रखी जा सके।
भीड़ और संवेदनशील इलाकों पर होगी खास नजर
एसएसपी ने बताया कि ड्रोन तकनीक से पुलिस को अब ऊपर से निगरानी करने की सुविधा मिल रही है। इससे भीड़भाड़ वाले इलाके, संवेदनशील जगह और दुर्गम क्षेत्रों में हालात पर नजर रखना आसान होगा।उन्होंने कहा कि कई बार जमीन से निगरानी में समय लगता है, लेकिन ड्रोन की मदद से कुछ ही मिनटों में पूरी स्थिति समझी जा सकेगी।
सर्च ऑपरेशन और राहत कार्य में भी मदद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ड्रोन का इस्तेमाल सिर्फ निगरानी तक सीमित नहीं रहेगा। इसका उपयोग सर्च ऑपरेशन, राहत और बचाव कार्य और आपात स्थितियों में भी किया जाएगा। ड्रोन की मदद से पुलिस को कम समय में सटीक जानकारी मिलेगी, जिससे कार्रवाई तेज हो सकेगी। इसके साथ ही जोखिम भरे इलाकों में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
जवानों को दी जा रही प्रैक्टिकल ट्रेनिंग
तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को ड्रोन संचालन की बारीक जानकारी दी जा रही है। विशेषज्ञ उन्हें यह सिखा रहे हैं कि अलग-अलग परिस्थितियों में ड्रोन का इस्तेमाल कैसे किया जाए। सिर्फ थ्योरी नहीं, बल्कि मैदान में उड़ान भराकर प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी दी जा रही है, ताकि जवान वास्तविक परिस्थितियों में बिना किसी दिक्कत के ड्रोन का इस्तेमाल कर सकें।
नाइट विजन ड्रोन से रात में भी निगरानी
प्रशिक्षकों ने बताया कि अब नाइट विजन ड्रोन की मदद से रात के अंधेरे में भी निगरानी संभव होगी। इसके अलावा पुलिस को यह भी बताया जा रहा है कि संदिग्ध ड्रोन की पहचान कैसे की जाए और जरूरत पड़ने पर उसे निष्क्रिय करने के क्या तरीके होते हैं।
अधिकारी भी रहे मौजूद
इस मौके पर सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कार्यशाला बुधवार तक चलेगी, जिसके बाद पुलिस की ड्रोन संचालन क्षमता और मजबूत होने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें : ‘खौफ का कमांडर’ पुलिस के शिकंजे में, लेवी नहीं देने पर बरसाता था गोलियां

