अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Kaimur : कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में लगातार दूसरी बार सिर कटी लाशें और शरीर के अलग-अलग हिस्से मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है। पिछले 48 घंटे के भीतर अब तक चार अज्ञात शवों के हिस्से बरामद किए जा चुके हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि अभी तक किसी शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के लिए यह मामला अब बड़ी चुनौती बन गया है। मंगलवार देर रात जैसे ही रामगढ़ थाना क्षेत्र के अभैदे गांव के पास बोरे में शव और कटे हुए अंग मिलने की खबर फैली, पूरे इलाके में सनसनी मच गई। ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और तुरंत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
देर रात बोरे में मिला शव, मौके पर पहुंची पुलिस टीम
बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात अभैदे गांव के समीप संदिग्ध हालत में एक बोरा पड़ा हुआ मिला। जब ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो उसमें शव और शरीर के कटे हुए हिस्से थे। इसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला, मोहनिया एसडीपीओ प्रदीप कुमार समेत लगभग आधा दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके को घेर लिया गया और जांच शुरू कर दी गई।
एफएसएल और डीआईयू की टीम ने जुटाए सबूत
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डीआईयू की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाने में जुट गई। पुलिस को आशंका है कि यह मामला किसी बड़ी वारदात से जुड़ा हो सकता है।
दो दिनों में चार शवों के हिस्से बरामद, पहचान नहीं
पुलिस के अनुसार, पिछले दो दिनों में रामगढ़ थाना क्षेत्र से अब तक चार सिर कटी लाशें और कई अंग बरामद हो चुके हैं। शवों की हालत इतनी खराब है कि पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया है। लगातार मिल रहे शवों के बाद रामगढ़ थाना परिसर और आसपास के इलाकों में पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। पुलिस हर आने-जाने वाले पर नजर रख रही है और आसपास के इलाकों में छानबीन तेज कर दी गई है।
दुर्गावती नदी और कर्मनाशा नदी के किनारे मिले हिस्से
मोहनिया एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि 10 मई को दुर्गावती नदी से दो अज्ञात शवों के कुछ हिस्से बरामद हुए थे। इसके अलावा अभैदे गांव के पास कर्मनाशा नदी के किनारे भी शरीर के कुछ हिस्से मिले हैं। पुलिस का मानना है कि ये सभी घटनाएं आपस में जुड़ी हो सकती हैं और एक ही मामले का हिस्सा हो सकती हैं। इसी दिशा में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
बच्चा, महिला और पुरुष होने की आशंका
एसडीपीओ ने बताया कि अब तक किसी भी जगह से पूरी बॉडी बरामद नहीं हुई है। शुरुआती जांच में एक बच्चा, एक पुरुष और एक महिला के शव होने की आशंका जताई जा रही है। चौथे शव को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह और बाकी जानकारी स्पष्ट हो पाएगी।
पुलिस गुमशुदगी के मामलों का कर रही मिलान
शवों की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस आसपास के जिलों और थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों को खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं कोई व्यक्ति लापता तो नहीं है, जिसका संबंध इन शवों से हो सकता है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले को हर पहलू से गंभीरता से देखा जा रहा है।
कपड़े पर मिले ट्रेलर नाम की हो रही जांच
पुलिस को जांच के दौरान बच्चे के कपड़े पर एक ट्रेलर का नाम मिला है। अब उस नाम की पुष्टि की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि ट्रेलर कहां का है और कहीं वह इस घटना से जुड़ा तो नहीं।
पुलिस की अपील, लापता व्यक्ति की जानकारी तुरंत दें
एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस को शक है कि इस तरह की घटनाओं के पीछे कोई बड़ा अपराध या संगठित गिरोह भी हो सकता है।
इलाके में डर का माहौल, लोग सहमे
लगातार सिर कटी लाशें मिलने से रामगढ़ और आसपास के गांवों में डर का माहौल है। लोग रात में बाहर निकलने से बच रहे हैं। ग्रामीणों में चर्चा है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद अब तक किसी का पता नहीं चल पाना चिंता बढ़ाने वाला है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दावा कर रही है कि जल्द ही इस रहस्य से पर्दा उठाया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : CCL में जॉब के नाम पर बेटा-पत्नी-बहन के खाते में मंगवाया 33 लाख, अब सलाखों के पीछे

