अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी में दुर्गा पूजा की रौनक के बीच अचानक तेंदुआ दिखने की घटना से लोगों में दहशत फैल गई है। कटहल मोड़ स्थित चाला टोली इलाके में तेंदुआ के घुसने का वीडियो सामने आया है। यह वीडियो स्थानीय निवासी गुड्डू कुमार के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि तेंदुआ उनके घर के आंगन में घुसा और फिर धीरे-धीरे दूसरी ओर निकल गया।
इलाके में हड़कंप
तेंदुआ देखे जाने की खबर मिलते ही पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। लोग डर के कारण घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। पूजा पंडालों और आसपास के इलाकों में भी चर्चा का यही विषय बना हुआ है।
पुलिस और वन विभाग की टीम सक्रिय
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें तेंदुआ का बच्चा स्पष्ट नजर आया। फिलहाल पुलिस ने इलाके में गश्त तेज कर दी है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने साफ निर्देश दिया है कि बिना किसी जरूरी कारण के लोग घरों से बाहर न निकलें।
मामले की जानकारी वन विभाग को भी दे दी गई है। वन विभाग की टीम इलाके में तेंदुआ की तलाश कर रही है। माना जा रहा है कि तेंदुआ आसपास के जंगल से भटककर बस्ती में आ गया है।
लोगों से अपील
पुलिस और वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेंदुआ को देखने पर घबराएं नहीं और तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दें। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
इसे भी पढ़ें : गुमला के जंगल में भोरे-भोर एनका’उंटर, तीन नक्सली का खात्मा

