अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chaibasa : झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोटो प्रखंड स्थित सेरेंगसिया में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह दिन हमारे लिए ऐतिहासिक है और हमें अपने वीर शहीदों के बलिदान की गाथा याद रखनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने सभी से शहीदों के आदर्शों और सपनों को पूरा करने का संकल्प लेने को कहा।
गांवों से सरकार, हर स्तर पर सशक्तिकरण
सीएम सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार हेडक्वार्टर से नहीं, बल्कि गांवों से चल रही है। योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे बच्चों को हर हाल में पढ़ाएं। सरकार गरीब और जरूरतमंद बच्चों के लिए मुफ्त कोचिंग और उच्च शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप प्रदान कर रही है।
महिलाओं का सशक्तिकरण
सीएम ने मंईयां सम्मान योजना का जिक्र करते हुए कहा कि 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को हर साल तीस हजार रुपये दिए जा रहे हैं, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने बताया कि राज्य में इस तरह कई योजनाएं चल रही हैं जो नागरिकों को सुविधा और सहूलियत मुहैया करा रही हैं।
398 करोड़ की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 197 विकास योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया, जिनमें से 122 योजनाओं का शिलान्यास और 75 योजनाओं का उद्घाटन हुआ। इसके साथ ही 3 लाख 77 हजार से अधिक लाभार्थियों के बीच 637 करोड़ की परिसंपत्तियां बांटी गईं और 1479 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने सेरेंगसिया शहीद स्मारक पर शीश नवाया और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि झारखंड हमेशा शूरवीरों की धरती रहा है और यह परंपरा आने वाली पीढ़ियों तक आगे बढ़ानी चाहिए।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा मांझी, विधायकगण निरल पूर्ति, दशरथ गागरई, सुखराम उरांव, सोनाराम सिंकू, सविता महतो, समीर मोहंती, संजीव सरदार, जगत मांझी, सोमेश चंद्र सोरेन, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन, डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, डीसी चंदन कुमार और एसपी अमित रेणु मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत के विदेश दौरे से बढ़ा निवेशकों का भरोसा, मिला 70 हजार करोड़ निवेश का ऑफर

