अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : झारखंड पुलिस मुख्यालय के मिले आदेश के बाद पाकुड़ पुलिस एक्शन मोड में आ गयी है। एसपी निधि द्विवेदी की देखरेख में बीते सात अप्रैल की रात 12 बजे से लेकर आठ अप्रैल की रात 12 बजे तक जिलेभर में एक साथ बड़ा अभियान चलाया गया। इस दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी की गई। पुलिस की टीम रातभर एक्टिव रही और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश देती रही।
46 वारंट का हुआ निष्पादन
इस अभियान के दौरान पाकुड़ पुलिस ने कुल 46 लंबित वारंट का निष्पादन किया। इनमें जमानतीय वारंट, गैर जमानतीय वारंट और डिस्ट्रेस वारंट शामिल हैं। कई ऐसे मामले भी थे जो लंबे समय से लंबित थे और आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे थे। अचानक हुई इस कार्रवाई से ऐसे लोगों में खलबली मच गई।
फरार आरोपियों में समाया डर
पुलिस की इस सख्ती के बाद जिले में फरार चल रहे आरोपियों में डर का माहौल है। कई जगहों पर पुलिस टीम को देख आरोपी भागते नजर आए, वहीं कुछ को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि जो लोग अब तक कानून से बचते रहे, उन्हें किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
एसपी निधि द्विवेदी ने साफ कर दिया है कि यह अभियान यहीं खत्म नहीं होगा। आने वाले दिनों में भी इसी तरह लगातार छापेमारी कर लंबित वारंट का निष्पादन किया जाएगा। पुलिस का फोकस साफ है कि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत हो और कोई भी आरोपी कानून से बच न सके।
इसे भी पढ़ें : गोली, लाल सलाम और PLFI का नाम… सब स्टेशन में मिले लिफाफे ने मचाई खलबली



