अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : झारखंड का पूर्वी छोर, जहां नदियों की धार और पहाड़ियों की छांव में बसे छोटे-छोटे गांव चुनावी जोश में धीरे-धीरे रंगने लगे हैं। घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर अब प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रविवार को अनुमंडल सभागार में हुई समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने चुनावी मशीनरी को साफ शब्दों में कहा… “यह सिर्फ उपचुनाव नहीं, बल्कि हमारी पारदर्शिता और दक्षता की परीक्षा है।”
हर बूथ बनेगा ‘मॉडल बूथ’
बैठक का मुख्य एजेंडा था… मतदाता को सुविधा, पारदर्शिता और विश्वास। सीईओ रवि कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि घाटशिला के हर बूथ को “मॉडल बूथ” के रूप में विकसित किया जाए। यानी वहां मतदाताओं को न केवल छांव और पेयजल मिले, बल्कि दिव्यांगों के लिए रैंप, व्हीलचेयर और वॉलेंटियर की भी व्यवस्था हो। उन्होंने कहा, “मतदान केंद्र सिर्फ वोट डालने की जगह नहीं, बल्कि लोकतंत्र का उत्सव स्थल है। वहां आने वाला हर मतदाता सम्मान और सुविधा का अनुभव करे।”
घर बैठे मतदान की व्यवस्था
इस बार आयोग ने विशेष रूप से 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग नागरिकों पर ध्यान केंद्रित किया है। ऐसे मतदाता “सक्षम ऐप” या अपने क्षेत्र के बीएलओ के माध्यम से घर से मतदान कर सकेंगे। वहीं जो केंद्र तक आना चाहते हैं, उनके लिए वाहन, व्हीलचेयर और सहायक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। रवि कुमार ने कहा कि हम चाहते हैं कि कोई भी मतदाता सिर्फ असुविधा के कारण लोकतंत्र से दूर न रहे।

तकनीक और पारदर्शिता का नया मेल
निर्वाचन आयोग ने इस बार ईवीएम (EVM) में भी बदलाव किया है। अब मतदाता को उम्मीदवार का रंगीन फोटो, नाम और क्रमांक बड़े अक्षरों में दिखाई देगा। यह बदलाव मतदाताओं को और स्पष्टता देगा तथा मतदान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाएगा। साथ ही, सोशल मीडिया पर आचार संहिता उल्लंघन की निगरानी के लिए अधिकारियों को विशेष टीम बनाने के निर्देश दिए गए। कहा गया कि “सोशल मीडिया अब प्रचार का सबसे बड़ा मंच है, इसलिए पारदर्शिता वहीं से शुरू होनी चाहिए।”

“स्वीप” अभियान से बढ़ेगा मतदान प्रतिशत
घाटशिला में पिछली बार कई इलाकों में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा था। इसीलिए इस बार “स्वीप अभियान” (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। स्कूलों, पंचायतों और बाजारों में नुक्कड़ नाटक, रंगोली प्रतियोगिता और साइकिल रैली जैसे आयोजन होंगे, ताकि हर नागरिक मतदान को अपना कर्तव्य समझे। रवि कुमार ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब हर नागरिक इसमें भागीदार बने।

सुरक्षा पर होगी पैनी नजर
बैठक में कानून-व्यवस्था को लेकर भी खास चर्चा हुई। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी चेकपोस्ट पर सख्त निगरानी रखी जाए। अवैध धन, मादक पदार्थों की तस्करी और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई हो। उन्होंने कहा, “निर्वाचन की पवित्रता को किसी कीमत पर भंग नहीं होने देंगे।”
उच्चस्तरीय उपस्थिति, मजबूत संदेश
इस समीक्षा बैठक में राज्य के कई वरीय अधिकारी शामिल हुए… आईजी अभियान माइकल राज, डीआईजी धनंजय कुमार, कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, जमशेदपुर डीसी कर्ण सत्यार्थी, एसएसपी पीयूष पांडेय और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें : नक्सलियों का आतंकी खेल, ठप कर डाला इस इलाके का मोबाइल नेटवर्क… जानें कैसे

