अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : दिल्ली-एनसीआर में बीते 12 घंटे से लगातार तेज बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते दिल्ली और गुरुग्राम की सड़कों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई इलाकों में गाड़ियां पानी में तैरती नजर आईं और घरों में भी पानी घुस गया है। बुधवार शाम हुई बारिश के बाद से शहर की अधिकांश सड़कों पर जलजमाव है। गुरुग्राम के सेक्टर-6 स्थित शीतला माता मंदिर के पास सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गईं। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे के नरसिंहपुर के पास सर्विस लेन पर करीब दो फीट तक पानी भर गया। मौसम विभाग ने दिल्ली और गुरुग्राम के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, चारधाम यात्रा रोकी गई
उधर, उत्तराखंड में भी मानसून कहर बरपा रहा है। राज्य में अब तक सामान्य से 22 फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। रुद्रप्रयाग में बद्रीनाथ जाने वाली सड़क पर बुधवार को भारी भूस्खलन हुआ, जिससे मार्ग बंद हो गया। पहाड़ से गिरे मलबे को हटाने का काम जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। लगातार हो रही बारिश और लैंडस्लाइड की घटनाओं को देखते हुए चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। कई क्षेत्रों में सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे आवाजाही में परेशानी हो रही है।
महाराष्ट्र के नागपुर में भारी बारिश, 71 गांवों का संपर्क टूटा
महाराष्ट्र के नागपुर में भी तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। भारी बारिश के कारण 71 गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। बोरगांव में एक 35 वर्षीय व्यक्ति उफनते नाले में बह गया, जबकि उप्पलवाड़ी में 18 साल के युवक की मौत हो गई। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
इसे भी पढ़ें : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला का हुआ उद्घाटन, मंत्री बोले- इस बार हुए आधुनिक इंतजाम

