अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रामनवमी के पावन अवसर पर शहर में भव्य आयोजन को लेकर प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 26 मार्च से 28 मार्च 2026 तक झांकियों, मुख्य शोभायात्रा और चैती दुर्गा विसर्जन कार्यक्रम को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
26 मार्च : झांकियों के दौरान ट्रैफिक में बदलाव
26 मार्च को शाम में विभिन्न अखाड़ों द्वारा झांकियां निकाली जाएंगी। इसके मद्देनजर:
- शाम 4 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन रिंग रोड से गुजरेंगे।
- छोटे मालवाहक वाहनों का संचालन शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक बंद रहेगा।
- किशोरी यादव चौक, अपर बाजार, महावीर मंदिर चौक, शहीद चौक और सुजाता चौक के आसपास ऑटो, टोटो और बसों का परिचालन वर्जित रहेगा।
27 मार्च : मुख्य शोभायात्रा, पूरे शहर में सख्ती
27 मार्च को रामनवमी की मुख्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस दिन:
- सुबह 8 बजे से 28 मार्च सुबह 4 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश शहर में पूरी तरह बंद रहेगा।
- दोपहर 12:30 बजे से रात 12:30 बजे तक छोटे वाहन (ऑटो, टोटो सहित) भी नहीं चलेंगे।
- दोपहर 1 बजे से जुलूस समाप्ति तक कई प्रमुख मार्गों पर आम वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
शोभायात्रा के दौरान शहर के कई अहम मार्गों को नो-एंट्री जोन घोषित किया गया है, जिनमें शामिल हैं:
- किशोरी यादव चौक से अपर बाजार और महावीर मंदिर चौक
- एसएसपी आवास चौक से कचहरी चौक और शहीद चौक
- सर्कुलर रोड से जेल चौक
- जाकिर हुसैन पार्क से कमिश्नर चौक और रेडियम चौक
- चडरी तालाब, प्लाजा चौक से अल्बर्ट एक्का चौक
- पुरूलिया रोड से सरजना चौक
- एसएन गांगुली रोड, चर्च रोड और मेन रोड से जुड़ी गलियां
- सुजाता चौक, राजेंद्र चौक, पिस्का मोड़ और रातू रोड क्षेत्र
इन मार्गों पर पूरी तरह से सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा और आवश्यकता के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
28 मार्च : विसर्जन को लेकर भी पाबंदियां
28 मार्च को चैती दुर्गा विसर्जन कार्यक्रम के कारण:
- सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- विसर्जन जुलूस के रूट पर स्थिति के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि:
- भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें
- जरूरी होने पर ही यात्रा करें
- वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें
- ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें
रामनवमी के इस पावन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शहरवासियों के सहयोग से ही व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा सकेगी।
इसे भी पढ़ें : असम चुनाव 2026 : JMM ने 21 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का किया ऐलान



