अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ पुलिस ने नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन की भारी खेप पकड़ी है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत को शहर में नशे की दवाओं की सप्लाई की गुप्त सूचना मिली थी। इस पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस टीम ने बस स्टैंड के पास जाल बिछाया। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को धर दबोचा, जिसके पास से 1085 पीस नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। हालांकि उसके तीन साथी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे।
पुलिस को देखते ही भागने लगे चारों, कार्टन लेकर दौड़ रहा युवक पकड़ाया
एसपी को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड इलाके में नशीले इंजेक्शन की बड़ी डील होने वाली है। सूचना की पुष्टि होते ही डीएसपी मुख्यालय मोहम्मद अकरम रजा के नेतृत्व में स्पेशल रेडिंग टीम बनाई गई। टीम में थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पांडेय, एसआई सुमंत कुमार राय, बिरबल हेम्ब्रम, जॉनी कुमार, मंजेश कुमार सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की टीम जैसे ही बस स्टैंड के पास पहुंची, वहां खड़े चार संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर तेजी से भागने लगे। जवानों ने फुर्ती दिखाते हुए उनका पीछा किया और हाथ में कार्टन लेकर भाग रहे एक युवक को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। बाकी तीन आरोपी भीड़ और अंधेरे की आड़ लेकर गलियों से निकल भागे। पकड़े गए युवक की पहचान बिहार के नालंदा (बिहार शरीफ) निवासी 26 वर्षीय आकाश कुमार के रूप में हुई। आकाश फिलहाल रामगढ़ के ब्लॉक चौक नायक टोला में किराए का कमरा लेकर रह रहा था।
गया से आई थी नशे की खेप, शहर में सप्लाई की थी तैयारी
तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद कार्टन से पेंटाजोसिन लेक्टेट इंजेक्शन (टैजोविन 30 एमजी) के कुल 1085 एम्पुल बरामद किए गए। इसके अलावा उसके पास से दो कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ में आकाश ने खुलासा किया कि उसने यह नशीला इंजेक्शन बिहार के गया जिले से मंगाया था। वह अपने तीनों फरार साथियों के साथ मिलकर इसे स्थानीय युवाओं और छोटे-छोटे पेडलरों को महंगे दामों में बेचने की तैयारी में था।
ड्रग इंस्पेक्टर की जांच के बाद एनडीपीएस में केस, जेल भेजा गया आरोपी
बरामदगी के बाद ड्रग इंस्पेक्टर को बुलाकर जांच कराई गई। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह इंजेक्शन नारकोटिक और साइकोट्रॉपिक श्रेणी में आता है, जिसे बिना डॉक्टर के पर्चे और तय लाइसेंस के इतनी बड़ी तादाद में रखना पूरी तरह गैरकानूनी है। इसके बाद रामगढ़ थाना में कांड संख्या 263/2026 दर्ज कर आरोपी आकाश कुमार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार तीनों आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और गया से जुड़े मुख्य सप्लायर के तार खंगाल रही है।
इसे भी पढ़ें : रांची में आंधी-बारिश से हवाई सेवा धड़ाम, इंडिगो की कई फ्लाइट्स रद्द



