अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में भदानीनगर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर अपराधी राहुल कुमार उर्फ राहुल गिरी (26) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे और निशानदेही पर 19.15 ग्राम ब्राउन शुगर और 68.99 ग्राम गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और जल्द ही इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
पुराने केस की जांच में खुला नया राज
यह कार्रवाई पतरातु थाना कांड संख्या 193/2026 के तहत दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले की जांच के दौरान हुई। इसी मामले में 25 जुलाई को पुलिस ने एजाज अंसारी, अजमत अंसारी और राहुल कुमार बेदिया को गिरफ्तार किया था। उस समय उनके पास से 13.65 ग्राम ब्राउन शुगर, एक बाइक और चार मोबाइल फोन बरामद हुए थे।
इन आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। जांच आगे बढ़ी तो राहुल गिरी का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और आखिरकार उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में राहुल ने कई अहम जानकारियां दीं। उसकी निशानदेही पर घर के पास छापेमारी की गई, जहां से ब्राउन शुगर और गांजा बरामद हुआ। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप कहां से लाई जाती थी और किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।
पहले भी कई मामलों में जा चुका है जेल
राहुल गिरी पुलिस के लिए कोई नया नाम नहीं है। उसके खिलाफ पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पतरातु थाना कांड संख्या 24/2026 और 72/2026 में उस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2025 में भुरकुंडा थाना में बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से अपराध और नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से नशे के कारोबार पर बड़ी चोट पहुंचेगी।
कई थाना की टीम ने मिलकर दिया ऑपरेशन को अंजाम
इस कार्रवाई का नेतृत्व भदानीनगर ओपी प्रभारी मो. अख्तर अली ने किया। छापेमारी टीम में पतरातु थानेदार शिवलाल कुमार गुप्ता, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेन्द्र कुमार, एसआई सोमाय सोरेन, एएसआई संजय कुमार सिंह तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने साफ कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जो भी लोग इस धंधे में शामिल होंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गिरफ्तार आरोपी के संपर्क में और कौन-कौन लोग थे, ताकि पूरे गिरोह तक पहुंचा जा सके।
इसे भी पढ़ें : घर से निकला था ड्यूटी के लिए, तेज रफ्तार हाइवा ने बीच सड़क छीन ली सांसे



