अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित सयाल में देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही जान चली गई। सयाल मंगल बाजार के पास कोयला लेकर जा रहे एक अनियंत्रित हाईवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने वहीं दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
मृतक की पहचान पारटांड़ सौंदा बस्ती के रहने वाले गणेश मुंडा के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय बावड़ा मुंडा के बेटे थे। गणेश मुंडा अपनी बजाज डिस्कवर बाइक से काम निपटाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

उरीमारी-सौंदा मुख्य मार्ग जाम, वाहनों की लंबी कतार
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग को लेकर उरीमारी-सौंदा भाया भुरकुंडा मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। सड़क पर उतर आए लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस जाम के चलते मार्ग के दोनों तरफ भारी वाहनों और यात्री गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं गणेश मुंडा की मौत से उनके घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, लोगों को समझाने में जुटी टीम
हादसे और सड़क जाम की सूचना मिलते ही भुरकुंडा थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता और भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने सबसे पहले घटनास्थल पर स्थिति को बिगड़ने से संभाला। पुलिस की टीम आक्रोशित ग्रामीणों और पीड़ित परिवार को शांत कराने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की मांगों को लेकर आवश्यक कानूनी पहल की जा रही है और जल्द ही जाम खुलवाकर यातायात सामान्य कराया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : चालान से नहीं, हादसे से डरिए… कल से रांची में ट्रैफिक का महा-अभियान



