अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : दुर्गापूजा के दौरान राजधानी रांची की सड़कों पर जाम न लगे और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी शुरू कर दी है। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में त्योहार के दौरान सुगम यातायात, पुख्ता कानून व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने और शहर में चल रही विकास योजनाओं के समय पर काम पूरा करने को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए। बैठक में सिटी एसपी पारस राणा, सदर एसडीओ कुमार रजत समेत कई विभागों के अफसर और अंचल अधिकारी मौजूद रहे।
सड़कों से हटेंगे खतरनाक कट, जाम से मिलेगी राहत
उपायुक्त ने पथ निर्माण और यातायात विभाग को निर्देश दिया कि वे शहर की मुख्य सड़कों का सर्वे करें। डिवाइडरों के बीच बने ऐसे सभी अनाधिकृत कट्स को तुरंत बंद किया जाए, जो आए दिन जाम और हादसों की वजह बनते हैं। पूजा के दिनों में प्रमुख पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक का दबाव बहुत बढ़ जाता है। ऐसे में पहले से ही बॉटलनेक यानी जाम वाले पॉइंट्स की पहचान कर नया ट्रैफिक प्लान तैयार करने को कहा गया है, ताकि गाड़ियों की आवाजाही बिना रुकावट चलती रहे।
अतिक्रमण पर पहरा, खाली कराई जमीन पर दोबारा कब्जा नहीं
शहर में अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा दुकानें सज जाने की समस्या पर उपायुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिस जगह से एक बार अतिक्रमण हटा दिया गया है, वहां लगातार निगरानी रखी जाए। जरूरत पड़ने पर माइकिंग कराकर लोगों को चेतावनी दी जाए कि वे सड़कों और फुटपाथों पर दोबारा कब्जा न करें। इसके साथ ही हर वार्ड में वेंडर मार्केट बनाने के लिए जगह तय करने को कहा गया है, जिससे फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित जगह मिल सके और सड़कों पर जाम न लगे।
गेल और बिजली विभाग को अल्टीमेटम, गड्ढे भरने होंगे
बैठक में सड़कों की बदहाली और लटकते तारों का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। उपायुक्त ने गेल के अफसरों को दो टूक कहा कि गैस पाइपलाइन के काम के लिए खोदे गए गड्ढों को ठेकेदार तुरंत भरें और सड़क को पहले जैसी हालत में लाएं। काम खत्म होने के बाद मलबा या गड्ढा छोड़ने वाली एजेंसियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा बिजली के खंभों पर बेतरतीब फैले इंटरनेट और केबल के तारों को व्यवस्थित करने और हटाने का जिम्मा बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता को सौंपा गया है।
गलत पार्किंग पर कटेगा चालान, विकास कार्यों में लाएं तेजी
ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर गाड़ी खड़ी करने वालों पर अब सख्ती बढ़ेगी। प्रमुख चौराहों पर लगे कैमरों से ऑटोमैटिक चालान काटने की व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। डीसी ने कहा कि शहर को सुंदर और सुरक्षित बनाना सभी विभागों की मिली-जुली जिम्मेदारी है। उन्होंने जिले में चल रही सभी जनोपयोगी और विकास योजनाओं को तय समय के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि त्योहार के समय आम लोगों को एक साफ-सुथरा और व्यवस्थित शहर मिले।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत ने पूर्व मंत्री को दी श्रद्धांजलि, बोले- सजग और कर्मठ नेता थीं विमला प्रधान



