अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : आगामी छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और एसएसपी राकेश रंजन ने बुधवार को जिला प्रशासन की पूरी टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई, सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। अधिकारियों की टीम ने कांके डैम, हटनिया तालाब, चडरी तालाब, बड़ा तालाब (रांची झील) और धुर्वा डैम जैसे प्रमुख घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। डीसी ने मौके पर ही संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि हर प्रमुख घाट पर पुलिस बल के साथ SDRF और NDRF की टीम मौजूद रहेगी। घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

डीसी की अपील – सिर्फ सुरक्षित गहराई तक जाएं श्रद्धालु
डीसी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे केवल सुरक्षित गहराई तक ही जल में प्रवेश करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी सुरक्षा इंतज़ाम कर रहा है, लेकिन व्यक्तिगत सावधानी भी उतनी ही जरूरी है। श्रद्धालु प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें और घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें।
स्वच्छता व प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान
नगर निगम को डीसी ने निर्देश दिया है कि सभी घाटों की सफाई, कचरा निस्तारण और कीचड़ हटाने का काम समय पर पूरा किया जाए। साथ ही बिजली विभाग को घाटों पर स्थायी और अस्थायी लाइट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।

पूजा समितियों से बातचीत और सहयोग की अपील
निरीक्षण के दौरान डीसी ने विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत की और स्थानीय तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समितियों के संयुक्त प्रयास से यह पर्व स्वच्छ, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न होगा।
प्रमुख घाटों पर चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था
डीसी ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि हर प्रमुख घाट पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती हो, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।
निरीक्षण में रहे ये अधिकारी मौजूद
इस मौके पर एसएसपी राकेश रंजन, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राजेश्वरनाथ आलोक, सदर एसडीएम उत्कर्ष कुमार, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, डीपीआरओ उर्वशी पांडेय समेत नगर निगम, पथ निर्माण, बिजली, पीएचईडी और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन बनेंगे चीफ गेस्ट, कब-कहां-क्यों… जानें

