अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Gaya (Raju Prasad) : गया शहर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या से निपटने के लिए जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने नगर विधायक डॉ प्रेम कुमार की मौजूदगी में एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में विधायक ने कई सुझाव दिए और डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए।
केपी रोड से अतिक्रमण हटेगा
डीएम ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया है कि केपी रोड पर जाम की समस्या खत्म करने के लिए रविवार तक लगातार माइकिंग कर लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की जाए। सोमवार से सिटी मैनेजर को इस क्षेत्र की निगरानी के लिए कैम्प करने का आदेश दिया गया है ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो।
वन-वे सिस्टम का कड़ाई से पालन
डीएम ने कहा कि शहर के प्रवेश और निकास मार्ग पर लागू वन-वे सिस्टम कहीं भी बाधित नहीं होना चाहिए। शहर के अंदर भी वन-वे नियम का सख़्ती से पालन कराया जाएगा। सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक किसी भी बड़े वाहन को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा।
उल्लंघन पर ट्रैफिक कर्मियों पर कार्रवाई
उन्होंने साफ कहा कि जहां भी वन-वे सिस्टम टूटेगा, वहां तैनात ट्रैफिक पुलिस पर कार्रवाई की जाएगी। अपर समाहर्ता और एसडीओ को रोजाना औचक निरीक्षण का जिम्मा दिया गया है।
अवैध बस स्टैंड और वसूली पर रोक
डीएम ने नगर आयुक्त से अवैध बस स्टैंड और टेम्पू स्टैंड तुरंत बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर किसी भी वाहन से अवैध राशि वसूली न की जाए। जिन जगहों पर वसूली की शिकायत मिल रही है, वहां दोषियों को चिन्हित कर एफआईआर की जाएगी।
नगर निगम करेगा निगरानी
नगर निगम अपने टैक्स कलेक्टरों को वसूली स्थलों पर तैनात करेगा ताकि सड़क पर वाहन रोककर वसूली न हो और पार्किंग शुल्क केवल अधिकृत पार्किंग स्थल पर ही लिया जाए।

थानेदार करेंगे लगातार जांच
तमाम थानेदार को अपने क्षेत्र में नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया है। यदि अवैध वसूली पकड़ी जाती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
ई-रिक्शा और टोटो पर नियंत्रण
बैठक में बताया गया कि शहर में टोटो और ई-रिक्शा की संख्या तेजी से बढ़ रही है। नए रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाई जाएगी और बिना रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों को जब्त किया जाएगा। भीड़ वाले क्षेत्र में इन्हें खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।
वन-वे में बदलाव के लिए खास ट्रैफिक प्लान
अगर किसी सड़क को नए वन-वे में बदलने की जरूरत हो तो इसके लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा, ताकि जाम कम किया जा सके।
आवारा पशु और अवैध खटाल पर कार्रवाई
डीएम ने निर्देश दिया कि आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए। सड़क किनारे चल रहे अवैध खटालों को नोटिस देकर बंद कराया जाए।
उपयोगहीन बिजली पोल और खंभों को हटाने का आदेश
सड़क किनारे पड़े बेकार बिजली पोल और टेलीफोन खंभों को हटाने का भी आदेश दिया गया है।
बैठक में कई अधिकारी और समाजसेवी शामिल
बैठक में नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, एसडीओ, ट्रैफिक डीएसपी, सभी थानाध्यक्ष और शहर के समाजसेवी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : इस IAS अधिकारी ने बदला अपना कैडर, बिहार से गए… जानें कहां

