अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Garhwa (Nityanand Dubey) : पलामू प्रमंडल के गढ़वा जिले के रमकंडा प्रखंड में पोस्टेड रेवेन्यू सब इंस्पेक्टर यानी राजस्व उप निरीक्षक अरुण कुमार यादव को ACB की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। ACB की टीम ने उसे 12 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगेहाथ दबोचा। ACB की टीम ने आरोपी कर्मचारी को पलामू ले जाकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और फिर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। राजस्व उप निरीक्षक अरुण कुमार यादव के खिलाफ विसुनजय राम नाम के एक शख्स ने ACB से शिकायत की थी। ACB को बताया था कि उसने साल 2011 में 7.5 डिसमिल जमीन खरीदी थी, जिसकी केवल रसीद कटी हुई थी। जमीन को ऑनलाइन कराने के लिए जब उन्होंने रेवेन्यू सब इंस्पेक्टर अरुण कुमार यादव से संपर्क किया, तो उनसे काम करने के एवज में 12 हजार रुपये बतौर रिश्वत मांगी गई। विसुनजय राम घूस नहीं देना चाहते थे, इस चलते वे अपनी फरियाद लेकर पलामू ACB की चौखट पर पहुंच गये। मिली शिकायत पर ACB की टीम ने मामले की तफ्तीश की। जांच में मामला सही पाया गया और फिर रेवेन्यू सब इंस्पेक्टर को रंगेहाथ दबोने के वास्ते जाल बिछाया गया।
घूस के 12 हजार रुपये विसुनजय राम को देकर रेवेन्यू सब इंस्पेक्टर अरुण कुमार यादव के पास भेजा गया। जैसे ही राजस्व उप निरीक्षक ने रिश्वत के पैसे अपने हाथों में लिये, वहां, पहले से मौजूद ACB की टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया और अपने साथ ले गयी।
क्षेत्र में मचा हड़कंप
रेवेन्यू सब इंस्पेक्टर के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद रमकंडा प्रखंड और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सरकारी कामकाज में रिश्वतखोरी के खिलाफ एसीबी की यह बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।
इस साल का सातवां ट्रैप केस
एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला पलामू एसीबी का इस वर्ष का सातवां ट्रैप केस है। गिरफ्तार आरोपी कर्मचारी लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के सासंग गांव का रहने वाला है।
इसे भी पढ़ें : “ठनका ने छीन लिया परिवार का सहारा, मदद कीजिये सरकार”

