अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी के लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित आजाद बस्ती में RMC यानी रांची नगर निगम की टीम ने सोमवार को जांच अभियान चलाकर एक अवैध बूचड़खाने का खुलासा किया। यह कार्रवाई अपर प्रशासक संजय कुमार के निर्देश पर की गई। जांच में यह पाया गया कि बूचड़खाना नगर निगम की ही जमीन पर चलाया जा रहा था। रिकॉर्ड के अनुसार, संबंधित भूमि मौजा कोनका, थाना संख्या 198, एम.एस. प्लॉट संख्या 1610, रकबा 19.3 डिसमिल है, जो रांची नगर निगम के नाम दर्ज है।
नियमों का खुला उल्लंघन
निगम अधिकारियों ने बताया कि सरकारी भूमि पर इस तरह अवैध कब्जा कर बूचड़खाना चलाना न सिर्फ नगर निगम अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि पर्यावरणीय और स्वच्छता मानकों का भी गंभीर उल्लंघन है।
संजय कुमार ने दिए सख्त निर्देश
अपर प्रशासक संजय कुमार ने इसे गंभीर मामला बताते हुए अवैध कब्जा हटाने के लिए वृहद “अतिक्रमण हटाओ अभियान” चलाने का आदेश दिया है। इस अभियान में निगम की इंफोर्समेंट टीम, सशस्त्र पुलिस और अंचल प्रशासन की संयुक्त भागीदारी होगी।
कानूनी कार्रवाई और पुलिस बल की तैनाती
संजय कुमार ने सदर एसडीएम को पत्र लिखकर दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि कार्रवाई के दौरान विधि-व्यवस्था बनी रहे।
अवैध गतिविधियों पर नहीं होगी ढिलाई
अपर प्रशासक ने साफ कहा कि निगम क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील
रांची नगर निगम ने आम लोगों से अपील की है कि अगर कहीं भी अवैध बूचड़खाना या कब्जे जैसी गतिविधि दिखे, तो तुरंत निगम को सूचित करें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
इसे भी पढ़ें : रात के अंधेरे में शहर की धड़कन टटोलने निकले SSP, दो थानेदारों को शोकॉज

